Hazaribagh News: कनहरी हिल: अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर चमकने को तैयार, सैलानियों का बढ़ रहा रुझान

हजारीबाग: अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित हजारीबाग की प्रसिद्ध कनहरी हिल आज अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, समृद्ध जैव विविधता एवं ऐतिहासिक महत्व के कारण पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनती जा रही है। हरियाली से आच्छादित यह स्थल प्रकृति प्रेमियों, पर्यावरणविदों एवं सैलानियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है।
कनहरी हिल अपनी मनोरम वादियों, स्वच्छ वातावरण, वन संपदा एवं शांत प्राकृतिक परिवेश के कारण इको-टूरिज्म की अपार संभावनाओं से परिपूर्ण माना जाता है। यहां की प्राकृतिक संरचना एवं जैव विविधता इसे न केवल हजारीबाग बल्कि पूरे झारखंड के महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में विशेष पहचान दिलाती है।
जिला प्रशासन द्वारा कनहरी हिल के संरक्षण, समुचित विकास एवं वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, पर्यावरण संरक्षण तथा आधारभूत संरचनाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके और यह स्थल राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर सके।
प्रशासन ने आम नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे कनहरी हिल की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में सहयोग करें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहकर इस प्राकृतिक धरोहर को सुरक्षित रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी इसकी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व का अनुभव कर सकें।


