Hazaribag News: कटकमदाग कृष्णानगर स्थित कुएं में मिला युवती का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
8-1024x614.jpg)
हजारीबाग: कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णानगर क्षेत्र में एक कुएं से 18 वर्षीय युवती सानिया खातून का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के पिता मोहम्मद जैनुल ने पुलिस में आवेदन देकर हत्या की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि युवती की शादी जिस युवक से तय हुई थी उसी ने उसकी हत्या की है तथा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सानिया खातून की शादी मोहम्मद रेहान (पुत्र मोहम्मद अजीम, निवासी सुल्ताना कटकमदाग) से तय हुई थी। 19 मार्च को दोनों अचानक लापता हो गए थे तथा परिवारवालों ने काफी खोजबीन की लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। कुछ दिनों बाद मोहम्मद रेहान सुरक्षित घर लौट आया लेकिन सानिया का कोई अता-पता नहीं था। 26 मार्च को कृष्णा नगर के एक कुएं से सानिया का शव बरामद हुआ जिससे परिजनों का शक गहरा गया। मृतका के परिवार का आरोप है कि अगर लड़का सुरक्षित लौट आया तो लड़की क्यों नहीं। उन्होंने संदेह जताया कि मोहम्मद रेहान ने ही सानिया की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया। मामले की सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कटकमदाग थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है। इस घटना से इलाके में आक्रोश का माहौल है और लोग न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है तथा इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


