जमुआ विधायक मंजु कुमारी ने सरकार पर साधा निशाना, कहा: यह बजट सभी वर्गो के लिए ‘निराशाजनक’
2-1024x614.jpg)
जमुआ, गिरिडीह: झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विधानसभा में 2025-26 का बजट पेश किया, जिसे “अबुआ बजट” नाम दिया गया है। बजट पेश होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। जहां सत्ताधारी दल इसे जनहितैषी बता रहा है, वहीं विपक्ष ने इसे खोखला और दिशाहीन करार दिया है।
इसी क्रम में जमुआ विधानसभा की विधायक मंजु कुमारी ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह बजट सभी वर्गों के लिए निराशाजनक है और इसमें केवल झूठी घोषणाएं की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछला अनुपूरक बजट भी जनता के लिए बेअसर साबित हुआ था और सरकार की कोई योजना जमीन पर उतरती नहीं दिखी।
विधायक मंजु कुमारी ने कहा, “इस बजट में किसी को कुछ भी मिलता नजर नहीं आ रहा। न तो गरीबों को राहत मिली, न ही मध्यम वर्ग, किसानों, महिलाओं और युवाओं को। बेरोजगारी भत्ते और रोजगार से जुड़ी किसी भी ठोस योजना का इसमें जिक्र तक नहीं है।”
उन्होंने सरकार पर राज्य की जनता को ठगने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह बजट पूरी तरह से विफल साबित होगा।


