Golmaal 5 Release: दिसंबर 2026 में प्रभास की ‘फौजी’ से भिड़ सकती है अजय देवगन की फिल्म

मुंबई: अजय देवगन और निर्देशक रोहित शेट्टी की बहुप्रतीक्षित कॉमेडी फिल्म ‘गोलमाल 5’ को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म दिसंबर 2026 के पहले सप्ताह में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। हालांकि, फिल्म की रिलीज डेट को लेकर निर्माताओं की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
‘रेंजर’ की रिलीज टलने से खुला रास्ता
रिपोर्ट्स के अनुसार, अजय देवगन और संजय दत्त की फिल्म ‘रेंजर’ पहले दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी रिलीज 2027 तक टाल दी गई है। इसके बाद खाली हुई रिलीज विंडो में ‘गोलमाल 5’ को लाने की तैयारी की जा रही है। इससे पहले फिल्म के 2027 की शुरुआत में रिलीज होने की चर्चा थी।
दिसंबर में होगा बड़ा बॉक्स ऑफिस क्लैश
अगर ‘गोलमाल 5’ तय समय पर रिलीज होती है तो दिसंबर 2026 में बॉक्स ऑफिस पर बड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। प्रभास की मेगा बजट फिल्म ‘फौजी’ 3 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। वहीं, अक्षय कुमार की अनीस बज्मी निर्देशित नई फिल्म, जिसमें विद्या बालन और राशि खन्ना भी नजर आएंगी, 4 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
आधिकारिक घोषणा का इंतजार
रोहित शेट्टी और अजय देवगन की जोड़ी ने ‘गोलमाल’ फ्रेंचाइजी के जरिए बॉक्स ऑफिस पर कई सफल फिल्में दी हैं। ऐसे में ‘गोलमाल 5’ की संभावित रिलीज को लेकर दर्शकों और ट्रेड एक्सपर्ट्स में उत्सुकता बढ़ गई है। फिलहाल सभी की नजरें फिल्म की रिलीज डेट को लेकर निर्माताओं की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।


