Giridih News: भाजपा कार्यकर्ताओं में गुटबाजी खुलकर आई सामने, झारखंड धाम मंडल में दो जगह हुआ झंडोत्तोलन

जमुआ विधानसभा के झारखंड धाम मंडल भाजपा में अंदरूनी गुटबाजी शनिवार को खुलकर सामने आ गई। मंडल अध्यक्ष से नाराजगी के बीच भाजपा कार्यकर्ता दो खेमों में बंटे नजर आए। इसका असर स्वतंत्रता दिवस के झंडोत्तोलन कार्यक्रम में भी देखने को मिला। मंडल कार्यालय तारा में मंडल अध्यक्ष विकास मंडल ने अपने समर्थकों के साथ झंडोत्तोलन किया, जबकि दूसरे गुट की ओर से पूर्व मंडल अध्यक्ष दशरथ वर्मा ने झारखंड धाम विवाह भवन में तिरंगा फहराया।

गिरिडीह। जमुआ विधानसभा के झारखंड धाम मंडल भाजपा में इन दिनों अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। मंडल अध्यक्ष से नाराजगी के कारण कार्यकर्ता दो खेमों में बंटे नजर आ रहे हैं। शनिवार को इसका असर मंडल कार्यालय तारा में आयोजित झंडोत्तोलन कार्यक्रम के दौरान देखने को मिला।

मंडल कार्यालय तारा में मंडल अध्यक्ष विकास मंडल ने अपने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ झंडोत्तोलन किया। वहीं, दूसरे गुट की ओर से पूर्व मंडल अध्यक्ष दशरथ वर्मा ने झारखंड धाम विवाह भवन में झंडोत्तोलन किया। एक ही मंडल में अलग-अलग झंडोत्तोलन होने से संगठन के भीतर चल रही खींचतान सार्वजनिक हो गई।

कार्यकर्ताओं के बीच चल रही नाराजगी और गुटबाजी को लेकर भाजपा समर्थकों में भी चर्चा तेज है। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि आपसी मतभेद का असर संगठन की मजबूती पर पड़ सकता है। हालांकि, दोनों गुटों की ओर से इस संबंध में कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ताओं का कहना है कि पार्टी हित में आपसी मतभेद दूर कर सभी को एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने की जरूरत है। इधर, एक गुट से मंडल अध्यक्ष विकास मंडल, मोहन मंडल, कृष्ण देव मोदी, कार्तिक मंडल, महेंद्र दास, इंद्र देव सिंह आदि लोग देखे गए। वहीं, दूसरे गुट से गंगाधर वर्मा, ऋषि पांडेय, मोहन वर्मा, नंदकिशोर वर्मा, लट्टू सिंह, सीता देवी, नारायण वर्मा सहित कई कार्यकर्ता नजर आए। कुछ कार्यकर्ता एक जगह से दूसरी जगह भी जाकर झंडोत्तोलन में शामिल हुए।

 
लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More