Giridih News : भंडारी मध्य विद्यालय में बदहाल शौचालय, बच्चों के स्वास्थ्य पर खतरा

गिरिडीह जिले के भंडारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शौचालय की जर्जर स्थिति सामने आई है, जहां गंदगी, दुर्गंध और पानी की कमी से बच्चों खासकर छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

गिरीडीह : जिला अंतर्गत तीसरी प्रखंड के भंडारी उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था के दावों के बीच एक कड़वी सच्चाई सामने आई है। यहाँ पढ़ने वाले नौनिहालों के लिए बुनियादी सुविधा, ‘शौचालय’, की स्थिति इतनी बदतर है कि यह बच्चों के स्वास्थ्य के लिए बड़ा खतरा बन गया है। गंदगी का अंबार और दुर्गंध से परेशानी विद्यालय परिसर में स्थित शौचालय वर्तमान में अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है।

स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि शौचालयों की नियमित सफाई नहीं होती है। चारों तरफ फैली गंदगी और वहां से उठने वाली तीव्र दुर्गंध के कारण बच्चों का स्कूल परिसर में बैठना तक दूभर हो गया है। पानी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण स्थिति और भी भयावह हो गई है। छात्राओं की पढ़ाई पर पड़ रहा असर शौचालय की जर्जर स्थिति का सबसे बुरा प्रभाव छात्राओं पर पड़ रहा है।

गरिमा और सुरक्षा के अभाव में कई छात्राएं स्कूल आने से कतराने लगी हैं। अभिभावकों का कहना है कि एक तरफ सरकार ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ और ‘स्वच्छ विद्यालय’ का नारा देती है, वहीं दूसरी ओर भंडारी विद्यालय की यह स्थिति प्रशासन की उदासीनता को दर्शाती है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More