Girdih News: कांग्रेस उपाध्यक्ष मणि शंकर का केंद्र पर हमला, तीन मोर्चों पर विफल है सरकार
1-1024x614.jpeg)
गिरिडीह: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी JPCC के उपाध्यक्ष, अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी AICC के सदस्य और कोडरमा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी मणि शंकर ने मोदी सरकार पर महंगाई और धर्म की राजनीति को लेकर तीखा हमला बोला है। कोडरमा से देवघर जाते समय जमुआ में रुककर उन्होंने कार्यकर्ताओं से भेंट की और पत्रकारों से बातचीत में केंद्र सरकार की नीतियों को विफल बताया।
स्व-घोषित विश्व गुरु, पर तीनों पटल पर विफल
मणि शंकर ने कहा कि मोदी सरकार खुद को ‘विश्व गुरु’ घोषित करती है, लेकिन आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक तीनों मोर्चे पर पूरी तरह विफल है। उन्होंने कहा कि “पेट्रोल, डीजल, गैस के दाम में लगातार वृद्धि हो रही है। आम जनता त्राहिमाम कर रही है। मिडिल क्लास और लोअर मिडिल क्लास के लोग आज सोना गिरवी रखकर घर चला रहे हैं।”
सिर्फ धर्म के नाम पर वोट, अल्पसंख्यक वोट कटवा रही सरकार
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार सिर्फ धर्म के नाम पर वोट कर राज करना चाहती है। “अकलियत का वोट देश भर में कटवा रही है।” उन्होंने कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाज के बीच जाकर लोगों को वोट कटने से बचाएं।
SIR पर कोडरमा में बैठक, क्षेत्र की समस्याओं से अवगत
मणि शंकर ने बताया कि SIR के मुद्दे पर कोडरमा में बैठक थी। अब वे देवघर जा रहे हैं। इस दौरान जमुआ प्रखंड के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सच्चिदानंद सिंह से भी मुलाकात की और क्षेत्र की गतिविधियों की जानकारी ली।
कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हों, जनता के बीच जाएं
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जनता के बीच सक्रियता बढ़ाएं। महंगाई, बेरोजगारी और अल्पसंख्यक विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करें। साथ ही आगामी चुनाव के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।


