Ghatshila by-election: झामुमो की रफ्तार तेज, पर क्या अंत तक टिक पाएगी? सस्पेंस बरकरार!

पूर्वी सिंहभूम: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे से जमशेदपुर कोऑपरेटिव कॉलेज में शुरू हुई, और शुरुआती राउंड से ही झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के उम्मीदवार सोमेश सोरेन ने बढ़त बना ली। जैसे-जैसे राउंड बढ़ते गए, झामुमो की बढ़त और मजबूत होती गई। मतगणना स्थल पर झामुमो के टेंट में जश्न का माहौल है, जबकि भाजपा का टेंट लगभग खाली हो चुका है। कुल 20 राउंड की गिनती होनी है और दोपहर बाद परिणाम की घोषणा की संभावना जताई जा रही है।

बारहवें राउंड की गिनती पूरी होने तक सोमेश सोरेन 23,385 मतों की बड़ी बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक 64,637 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन 41,252 वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं,झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ( जेएलकेएम ) के प्रत्याशी रामदास मुर्मू 9,364 वोट प्राप्त कर तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

दसवें राउंड में भी झामुमो की बढ़त कायम रही, जिसमें सोमेश सोरेन 20,807 वोटों से आगे थे। उन्हें 53,096 वोट मिले थे, जबकि बाबूलाल सोरेन को 32,289 मत प्राप्त हुए। इसी तरह नौवें राउंड में झामुमो उम्मीदवार 15,692 वोटों से आगे थे और उन्हें 46,150 मत मिल चुके थे।

आठवें राउंड में उनकी बढ़त 11,280 तक पहुँच गई थी। उस समय उन्हें 39,163 वोट मिले थे और भाजपा प्रत्याशी 27,883 वोटों पर थे।

उपचुनाव में स्वतंत्र एवं छोटे दलों के उम्मीदवारों को भी मत मिले हैं। श्रीलाल किस्कू, विकास हेंब्रम, पंचानन सोरेन, मनोज कुमार सिंह, मंसा राम हांसदा, राम कृष्ण कांति महली सहित अन्य प्रत्याशियों को विभिन्न राउंड में कुछ सौ वोट प्राप्त हुए। NOTA ने भी कई राउंड में 500 से अधिक मत हासिल किए।

मतगणना के शुरुआती राउंड में भी झामुमो ने बढ़त बनानी शुरू कर दी थी। पहले राउंड में सोमेश सोरेन 2,164 वोटों से आगे थे और दूसरे-तीसरे राउंड तक यह बढ़त और बढ़ती गई। चौथे, पांचवें और छठे राउंड में उन्होंने लगातार भाजपा उम्मीदवार को पीछे छोड़ते हुए मजबूत स्थिति बना ली। सातवें राउंड में उनकी बढ़त 7,762 वोटों तक पहुँच गई थी।

घाटशिला उपचुनाव कुल 13 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है, लेकिन मुख्य संघर्ष झामुमो के सोमेश सोरेन और भाजपा के बाबूलाल सोरेन के बीच देखा जा रहा है। यह सीट पूर्व शिक्षा मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के निधन के बाद खाली हुई थी। सोमेश सोरेन उन्हीं के पुत्र हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के बेटे हैं।

मतगणना की शुरुआत पोस्टल बैलेट और होम वोटिंग मतों से हुई थी, जिसकी गिनती पूरी कर ली गई है। अब ईवीएम मतों की गिनती जारी है और हर राउंड के साथ स्थिति साफ होती जा रही है। झामुमो की लगातार बढ़ती बढ़त को देखते हुए पार्टी समर्थकों में जीत का उत्साह बढ़ गया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More