सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल में दुमका प्रखंड का दबदबा, गोपीकांदर को हराकर बना चैंपियन

दुमका: जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 के तीसरे एवं अंतिम दिन शनिवार को आउटडोर स्टेडियम, कुमारदुधानी (मसलिया रोड) में अंडर-17 बालक वर्ग की प्रतियोगिता का रोमांचक समापन हुआ। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, जिला कार्यालय, दुमका के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के सभी 10 प्रखंडों की टीमों ने भाग लेकर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खिताबी मुकाबले में दुमका प्रखंड ने गोपीकांदर को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराकर अंडर-17 बालक वर्ग का चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। दुमका की ओर से आकाश मुर्मू ने 2 गोल और प्रेम चौड़े ने 1 गोल किया।
इस जीत के साथ ही दुमका ने प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अधिकार भी प्राप्त कर लिया। खास बात यह रही कि दुमका प्रखंड ने इस वर्ष अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालिका और अंडर-17 बालक—तीनों वर्गों का खिताब जीतकर प्रतियोगिता में अपना पूर्ण वर्चस्व स्थापित करते हुए नया इतिहास रच दिया। पहले सेमीफाइनल में गोपीकांदर और जामा के बीच कांटे की टक्कर हुई। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद टाई-ब्रेकर में गोपीकांदर ने 5-4 से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरे सेमीफाइनल में दुमका ने रामगढ़ को 3-0 से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया।प्रारंभिक नॉकआउट मुकाबलों में जामा ने सरैयाहाट को टाई-ब्रेकर में 4-3 से, गोपीकांदर ने जरमुंडी को 4-2 से, दुमका ने मसलिया को 2-0 से, काठीकुंड ने रानेश्वर को 2-0 से, गोपीकांदर ने शिकारीपाड़ा को 1-0 से तथा रामगढ़ ने काठीकुंड को 1-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।तीसरे स्थान के मुकाबले में रामगढ़ और जामा के बीच निर्धारित समय तक कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी। इसके बाद टाई-ब्रेकर में रामगढ़ ने 5-4 से जीत दर्ज कर तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जामा चौथे स्थान पर रहा। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में झारखंड शिक्षा परियोजना दुमका के सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी विभाष चंद्र महतो, शिक्षक मदन कुमार तथा शारीरिक शिक्षक क्रमशः ज्ञान प्रकाश ठाकुर, मोहम्मद मोइन अंसारी, कुमार नवनीत, दीपांकर कुमार मंडल, सुमन कुमार, पप्पू कुमार यादव, काजल हाजरा, रामानंद घोष, शिवराम सिमोन टुडू, आशीष हेंब्रम, जोसेफ मुर्मू, प्रीतम मरांडी, राजेश कुमार, सचिन कुमार, सुहागिनी मुर्मू, संतोष कुमार पटेल, देवीलाल मुर्मू, एग्नियस टुडू, असीम हेंब्रम, पिंटू मुर्मू, सुमित राय, अरका घोष सहित अन्य पदाधिकारियों एवं शिक्षकों की सराहनीय भूमिका रही।


