By: आरती सिन्हा
रांची: फिल्म निर्देशक लाल विजय शाहदेव ने आज प्रेस क्लब में प्रेस कॉन्फ्रेंस रखकर बताया कि पूरी तरह से झारखंड में बनी यह फिल्म जिसका नाम पहले मनु का सरेंडर रखा गया था। लेकिन बाद में इसे लोहरदगा कर दिया गया ताकि अंतराष्ट्रीय स्तर पर लोग झारखण्ड के इस स्थान के बारे में जान सके। इस फ़िल्म का पहला स्क्रीनिंग 25 मई को फर्स्ट इंटरनेशनल झारखंड फिल्म फेस्टिवल में किया जाएगा और इसी फिल्म से फिल्म फेस्टिवल का शुभारंभ भी होगा। उन्होंने यह बताते हुए कहा कि बड़े गर्व की बात है कि जिस फिल्म में झारखंड के 100 से ज्यादा कलाकारो ने अपनी कला का उम्दा प्रदर्शन किया है, उसी फिल्म से झारखंड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत होगी। विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि सारी शूटिंग रांची और लोहरदगा के आस पास के इलाको में ही हुई है और उन्होंने अपनी फ़िल्म में यहाँ के कई जल-प्रपातो को भी दिखाया है। सबसे बड़ी बात हम झारखंडियों के लिए यह कि इस फिल्म के जरिए बॉलीवुड में पहली बार नागपुरी गाना गाया गया है और यह फ़िल्म का टाइटल सांग भी है।
इस फिल्म के जरिये झारखंड को खूबसूरत जगह भी बताने की कोशिश की गई है। फिल्म निर्देशक लाल विजय शाहदेव ने कहानी बताते हुए कहा कि यह कहानी झारखंड के लोहरदगा और आसपास की सच्ची घटनाओं से प्रेरित है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे 20 साल का गरीब लड़का जो सेना में भर्ती होना चाहता है लेकिन किसी कारणवश दलाल के चक्कर में फसकर नक्सल से जुड़ जाता है।
शर्त यह होती है कि झूठा नक्सली बनकर उसे सरेंडर करना है और बाद में सरकार की पॉलिसी के आधार पर उसे पक्की नौकरी मिल जायेगी, असल में क्या होता है जब मनु और उसके दोस्त नक्सल बनकर सरेंडर करने जाते हैं और उसके बाद उन्हें वहाँ शूटआउट का सामना करना पड़ता है, इसी के बाद असल में फ़िल्म की शुरुआत होती है।
इस फिल्म में क्रमशः संजय मिश्रा, विजय राय, अखिलेंद्र मिश्रा, रवि झांकल, दधी पांडे, नीतू पांडे, हंसराज जगताप, सुमित भोकसे, ऋषि ठाकुर, रकीब अरशद, मधु राय, पंकज सिन्हा, विनोद सोनी, ओम प्रकाश, चंदा कुमारी, प्रिया अंबष्ठ, सर्वदमन शाहदेव और झारखंड के कई अन्य कलाकारों ने अभिनय किया है।
यह फिल्म एक भावनात्मक थ्रिलर है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे गरीबी और बेरोजगारी से परेशान होकर नौजवान भटककर नक्सलियों के ग्रुप में शामिल हो जाते हैं। फिल्म में जहां एक और गंभीर सामाजिक मुद्दा दिखाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर मनोरंजन का भी खासा ख्याल रखा गया है। फिल्म की डायरेक्टर डॉ नेहा शांडिल्य ने बताया कि इस फिल्म की कहानी दिल को छू जाने वाली है और दर्शक इस फिल्म को जरूर बेहद पसंद करेंगे।