राष्ट्रीय FDP में रिसोर्स पर्सन बने रांची विश्वविद्यालय के डॉ. आनन्द, डिजिटल शिक्षा पर देंगे प्रशिक्षण

रांची: रांची विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग के शिक्षक एवं डिजिटल शिक्षा विशेषज्ञ डॉ. आनन्द कुमार ठाकुर को सोमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय, मुंबई द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ऑनलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) में रिसोर्स पर्सन के रूप में आमंत्रित किया गया है।
यह कार्यक्रम “डेवलपमेंट ऑफ E-कंटेंट एंड MOOCs फॉर एन्हान्सिंग टीचिंग-लर्निंग आउटकम्स इन हायर एजुकेशन” विषय पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन स्कूल ऑफ कॉमर्स एंड बिजनेस स्टडीज़, सोमैया विद्याविहार विश्वविद्यालय, मुंबई द्वारा मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र, सावित्रीबाई फुले विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।
इस FDP के अंतर्गत डॉ. आनन्द 17 जून 2026 को “कंटेंट ऑथरिंग टूल्स (Content Authoring Tools)” विषय पर तथा 18 जून 2026 को “ऑडियो पॉडकास्टिंग (Audio Podcasting)” विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र संचालित करेंगे। इन सत्रों में शिक्षकों को आधुनिक डिजिटल उपकरणों की सहायता से गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा विद्यार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन में ई-कंटेंट और MOOCs की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। कंटेंट ऑथरिंग टूल्स ऐसे डिजिटल सॉफ्टवेयर या प्लेटफॉर्म होते हैं, जिनकी सहायता से शिक्षक और विशेषज्ञ ऑनलाइन पाठ्य सामग्री, वीडियो लेक्चर, क्विज, एनीमेशन तथा इंटरैक्टिव शिक्षण सामग्री तैयार करते हैं। ये उपकरण शिक्षा को अधिक रोचक, प्रभावी और विद्यार्थियों की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ऑडियो पॉडकास्टिंग एक डिजिटल माध्यम है, जिसके द्वारा ज्ञान, विचार, समाचार या शैक्षणिक विषयों को ऑडियो रिकॉर्डिंग के रूप में इंटरनेट पर उपलब्ध कराया जाता है। इससे विद्यार्थी और श्रोता मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से कहीं भी और कभी भी अपनी सुविधा के अनुसार सीख सकते हैं, जिससे शिक्षा अधिक सुलभ और लचीली बनती है।
डॉ. आनन्द लंबे समय से MOOCs, ई-लर्निंग, डिजिटल कंटेंट विकास तथा उच्च शिक्षा में सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) के उपयोग के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उनका यह आमंत्रण न केवल उनकी विशेषज्ञता की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति है, बल्कि रांची विश्वविद्यालय एवं झारखंड के उच्च शिक्षा जगत के लिए भी गौरव का विषय है।


