अब नहीं होगी बिजली में कटौती, डीवीसी को हुआ 400 करोड़ रूपए का भुगतान

रांची: राज्य के कई जिलों में बकाये का भुगतान नहीं होने पर बिजली कटौती को लेकर शुक्रवार को झारखंड बिजली वितरण निगम ने डीवीसी को चार सौ करोड़ रुपयों का भुगतान कर दिया। कोषागार के जरिए फंड ट्रांसफर करने के बाद जेबीवीएनएल ने डीवीसी को बिजली कटौती बंद करने के लिए पत्र भी लिखा। इसमें लिखा है कि समझौते के मुताबिक जेबीवीएनएल ने फौरी तौर पर तय राशि का भुगतान कर दिया है। ऐसे मेें डीवीसी भी तत्काल लोड शेडिंग और कटौती बंद कर आपूर्ति को तत्काल नियमित करे।
डीवीसी ने जेबीवीएनएल पर नवम्बर 2019 तक 4955 करोड़ रुपयों के बकाये का दावा किया है। साथ ही बकाये का भुगतान की प्रक्रिया शुरू होने के बाद भी डीवीसी ने शुक्रवार को बिजली कटौती बंद नहीं की थी। जिसके चलते धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, चतरा, कोडरमा और बोकारो के लोग परेशान रहे। वहीं, बिजली कटौती से आक्रोशित लोगों द्वारा जगह-जगह पर विरोध-प्रदर्शन करने की ख़बरें भी आईं।


