Dumka News: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

दुमका: झनकपुर पंचायत में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पंचायत की मुखिया अनीता बेसरा के द्वारा अपने पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सेविका, सहिया, जलसहिया, पोषण सखी तथा पीरामल फाउंडेशन के फेलो को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुखिया अनीता बेसरा ने कहा कि पंचायत स्तर पर महिलाओं की भागीदारी और उनके समर्पित कार्य से स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े कार्यक्रमों को मजबूती मिल रही है। उन्होंने सभी सम्मानित कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इनके सहयोग से गर्भवती महिलाओं, बच्चों और समुदाय को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
इस अवसर पर मनोज कुमार, प्रोग्राम लीड, पीरामल फाउंडेशन ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर सेविका, सहिया, जलसहिया और पोषण सखी की भूमिका स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाने में बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने भी इन कार्यकर्ताओं के योगदान की सराहना की और महिला सशक्तिकरण तथा सामुदायिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मी, पीरामल फाउंडेशन की टीम तथा स्थानीय ग्रामीण भी उपस्थित रहे। इस पहल से पंचायत स्तर पर स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का सकारात्मक संदेश गया।


