Dumka News: अभिषेक चौरसिया ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया औचक निरिक्षण 

दुमका नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने सोमवार को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में भारी गंदगी, पदाधिकारियों की अनुपस्थिति और कार्यालयों में ताले लटके मिले। मरीजों ने इलाज में लापरवाही की शिकायतें कीं, जिस पर अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए कर्मियों को समय पर ड्यूटी करने और व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया।

दुमका: लोग अगर सबसे ज्यादा किसी चीज़ से परेशान हैं, तो वह है यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था। बीमार व्यक्ति इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल आता है, लेकिन जब उसे अव्यवस्था और लापरवाही दिखाई देती है, तो दर्द और बढ़ जाता है। इसी चिंता को लेकर सोमवार को दुमका नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया अचानक फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। वहां की स्थिति देखकर वे खुद भी हैरान रह गए। अस्पताल परिसर में गंदगी चरम पर थी, और सबसे बड़ी बात यह कि न तो कोई प्रबंधक मौजूद था और न ही कोई वरीय पदाधिकारी। कई कार्यालयों में ताला लटका हुआ मिला।अस्पताल में मौजूद आम लोगों ने भी अपनी पीड़ा खुलकर उनके सामने रखी। किसी ने इलाज में लापरवाही की शिकायत की, तो किसी ने सफाई और व्यवस्था की।

अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब व्यवस्था में सुधार लाना ही होगा। कम से कम अस्पताल के कर्मियों को समय पर आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलना उनका अधिकार है। दुमका की जनता को उम्मीद है कि अब उनकी आवाज़ सिर्फ सुनी ही नहीं जाएगी, बल्कि व्यवस्था में बदलाव भी दिखेगा।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More