गिरिडीह: अंतिम सांसे गिन रहा पेयजल आपूर्ति प्लांट

गिरिडीह: बड़की सरिया पंचायत के लोग इस गर्मी में भीषण जल संकट से जूझ रहें हैं । पेयजल की आपूर्ति कराने के लिए सरकार द्वारा 10 करोड़ रुपए की लागत की योजना से दो जल मीनार तथा पाइपलाइन बिछाया गया था । जलापूर्ति के लिए बराकर नदी में पंप हाउस बनाकर मोटर लगवाए गए। परन्तु वर्ष 2008 में प्रारंभ हुआ यह पेयजल आपूर्ति योजना अब तक कारगर सिद्ध नहीं हो सका। जिसके कारण लोगों के घर तक नियमित रूप से पानी नहीं पहुंच पा रहा है।
बीते 15 दिनों से बंद है जल आपूर्ति, उपभोक्ता हो रहे परेशान
एक ओर जहां इस भीषण गर्मी में नदी, तालाब, चांपानल सूख चुके हैं वहीं लोगों का एकमात्र सहारा यह पेयजल आपूर्ति योजना ही बची थी। परंतु बीते 15 दिनों से बराकर नदी में लगे मोटर तथा पैनल बोर्ड जले पड़े हैं। तब से जलापूर्ति पूर्णत: बन्द है। बताया जाता है कि नदी में बनाया गया कुआं पूरा बालू से भर गया है। पानी का लेयर भी नीचे चला गया है। नदी का पाइप जाम हो जाने के कारण स्थिति जर्जर है। सरिया पश्चिमी के मुखिया पति फागु पंडित बताते हैं कि हॉस्पिटल परिसर में लगे प्लांट की स्थिति भी ठीक नहीं है। सरिया थाना के पास की टंकी में रिसाव होने के कारण पानी बर्बाद हो रहा है। नियमित पेयजल नहीं मिलने से उपभोक्ता पेयजल शुल्क नहीं दे रहे हैं। जिससे इस कार्य में लगे कर्मचारियों को भी मानदेय नहीं मिल पा रहा है। उनके बीच भी आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।
लोग अपनी आजीविका भी नहीं चला पा रहे हैं। विभाग ने भी अपने हाथ खड़े कर दिए है। जिसके कारण यह योजना बंद होने के कगार पर स्थित हो गई है। बताते चलें कि सरिया में नियमित पेयजल आपूर्ति हो इसके लिए मुखिया तथा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि विनोद प्रसाद ठाकुर ने बीते 15 दिनों से अथक प्रयास किया। रात-दिन मेहनत कर लोगों के हलक तक पानी पहुंचाने की जी तोड़ कोशिश की। किंतु एक ओर अनियमित बिजली तथा दूसरी ओर बार-बार मोटर का जल जाना बड़ी समस्या सी हो गई। लाचार होकर उक्त दोनों व्यक्ति भी अब पानी की आपूर्ति कराने में अक्षम साबित हो रहे हैं। जिससे क्षेत्र की बड़ी आबादी जल संकट से प्रभावित हो रहे हैं। इस परेशानी में बीच-बीच में टैंकर से जलापूर्ति कराये जाने से लोगों में थोड़ी राहत हैं।
खराब मशीनों को जल्द करेंगे दुरुस्त : सचिंद्र मोहन झा
इस संबंध में विभाग के कनीय अभियंता सचिंद्र मोहन झा ने कहा कि सरिया के बराकर नदी मे लगे मोटर तथा पैनल बोर्ड के खराब होने की सूचना मिली है। इसके लिए उन्होंने मेकेनिकल जे ई को निर्देश दिया है कि अविलंब इसकी जांच कर खराब हुए मैकेनिकल पार्ट्स तथा पैनल बोर्ड का स्टीमेट दिया जाए। ताकि उसको दुरुस्त किया जा सके। वही कनीय अभियन्ता श्री झा ने कहा कि वे प्रयासरत हैं कि जल्द ही खराब पड़े मशीनों को दुरुस्त किया जाए ताकि लोगों को नियमित पेयजल आपूर्ति कराई जा सके।


