नीट विवाद से सियासी भूचाल! धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ अनशन पर बैठेंगे सोनम वांगचुक

नई दिल्ली: पर्यावरण कार्यकर्ता और शिक्षा सुधार के मुद्दों पर मुखर आवाज रहे सोनम वांगचुक ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बड़ा कदम उठाने का ऐलान किया है। उन्होंने घोषणा की है कि यदि सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं देती है, तो वे 28 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
यह अनशन कथित नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और लद्दाख के पर्यावरण, संस्कृति तथा स्थानीय लोगों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर किया जा रहा है। सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर जारी एक वीडियो संदेश में कहा था कि वे सरकार के जवाब का 27 जून तक इंतजार करेंगे। यदि कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे जंतर-मंतर पर अनशन शुरू करेंगे।
इस बीच, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी दी कि वांगचुक का अनशन जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन का हिस्सा होगा। सीजेपी लगातार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है।
सोनम वांगचुक ने कहा कि उनके दो प्रमुख मुद्दे हैं—देश की शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करना और लद्दाख के पर्यावरण एवं सांस्कृतिक संरक्षण से जुड़े मामलों पर सरकार की स्पष्ट नीति। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शिक्षा और पर्यावरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी आवाज उठाने का अधिकार है।
सीजेपी ने देशभर के युवाओं, छात्रों और नागरिकों से 28 जून को जंतर-मंतर पहुंचकर इस आंदोलन के समर्थन में शामिल होने की अपील की है। संगठन का कहना है कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।


