Dhanbad News: सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश: सिंघियाटांड़ में गौ-अवशेष मिलने से फैला तनाव

धनबाद: जिले के बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघियाटांड़ गांव में सोमवार को गौ-अवशेष मिलने की खबर से कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और दो समुदायों के बीच तनाव की आशंका बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री तारा देवी के रिश्तेदार शत्रुघ्न महतो के घर के पीछे स्थित बाड़ी में गौ-अवशेष मिलने की खबर मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर जुटने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बलियापुर थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा बूझकर मामले को शांत कराया और फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि समय रहते दोनों समुदायों के बीच बातचीत कराई गई, जिससे स्थिति सामान्य हो गई। अंचल अधिकारी मुरारी नायक ने भी कहा कि मामला पूरी तरह शांत है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। फिलहाल क्षेत्र में शांति कायम है। प्रशासन और पुलिस बल एहतियात के तौर पर अलर्ट मोड में हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।


