Dhanbad News: बीआईटी सिंदरी में तकनीकी महाकुंभ: दो दिवसीय महोत्सव में दिखा छात्रों का हुनर और नवाचार का संगम

सिंदरी: बीआईटी सिंदरी में दो दिवसीय तकनीकी महोत्सव का शानदार आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के उत्साह और तकनीकी प्रतिभा की झलक देखने को मिली। महोत्सव में आईईटीई-एसएफ, आईएसटीई, मॉडल क्लब, एचएनसीसी तथा एसएई सहित विभिन्न छात्र क्लबों ने तकनीकी और रचनात्मक कार्यक्रमों की विस्तृत श्रृंखला प्रस्तुत की।
बीआईटी सिंदरी के आईईटीई छात्र मंच द्वारा आयोजित इस तकनीकी महोत्सव एवं “तकनीकी उद्भव” कार्यक्रम में नवाचार, रचनात्मकता और तकनीकी शिक्षा का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने आधुनिक तकनीकों पर आधारित कई प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में रोबो सॉकर, माइनफील्ड रेस्क्यू, क्लोक कोडिंग, टेक्नोग्राम और सेंसरसिंक जैसी तकनीकी प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने अपने तकनीकी कौशल, समस्या समाधान क्षमता और नवाचारपूर्ण सोच का प्रदर्शन कर दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में निदेशक डॉक्टर पंकज राय, प्रभारी प्रोफेसर इम्तियाज अहमद तथा डॉ एके वर्मा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। महोत्सव में आसपास के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। इससे छात्रों को नई तकनीकों को समझने, अपने विचार साझा करने तथा व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। आयोजन ने विद्यार्थियों के बीच तकनीकी जागरूकता और नवाचार की भावना को और मजबूत किया।


