Dhanbad News: चैत्र नवरात्रि पर बस्ताकोला में 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न

धनबाद: चैत्र नवरात्रि के शुभ अवसर पर गायत्री शक्ति पीठ बस्ताकोला में आयोजित 9 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं संस्कार महोत्सव का शुक्रवार को भव्य समापन हो गया। नौ पालियों में संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर यज्ञ में आहुति दी और पुण्य लाभ अर्जित किया।
महायज्ञ के दौरान नामकरण, पुंसवन, यज्ञोपवीत, दीक्षा एवं विद्यारंभ जैसे विभिन्न वैदिक संस्कार विधि-विधान के साथ कराए गए। कार्यक्रम की शुरुआत गायत्री मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुई, जिसके बाद माँ गायत्री, परम पूजनीय गुरुदेव एवं वंदनीय माताजी का पूजन-अर्चन किया गया। समापन के अवसर पर सामूहिक आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
संस्कारों का संचालन लता जैसवाल एवं राजकुमारी शर्मा ने किया। इस अवसर पर जैसवाल ने कहा कि व्यक्ति का स्वभाव और उसकी मानसिक प्रवृत्ति उसके रंगों की पसंद से भी परिलक्षित होती है। उन्होंने बताया कि पवित्र आत्मा वाले लोग पीले, शुद्ध हृदय वाले सफेद तथा उदार प्रवृत्ति के लोग नीले रंग को पसंद करते हैं, जबकि क्रोधी स्वभाव के लोग लाल रंग की ओर आकर्षित होते हैं।
कार्यक्रम के दौरान “हम बदलेंगे, युग बदलेगा” जैसे प्रेरणादायक नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। वक्ताओं ने नारी शक्ति को परिवार, समाज और राष्ट्र की मुख्य आधारशिला बताते हुए उसके सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया।
श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की भी समुचित व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में विभूति सारण सिंह, भूपेंद्र शर्मा, के. गौतम, विनोद पटेल, हरेश चंद्र मिश्रा, नरेश भट्ट, जितेंद्र सिंह, ममता सिंह, दुलारी पाठक, नमिता विश्वकर्मा, जयश्री विश्वकर्मा, उषा कुमारी एवं लता पराशर सहित कई कार्यकर्ताओं का सक्रिय योगदान रहा। कार्यक्रम की जानकारी धनबाद जिला गायत्री परिवार की मीडिया प्रभारी आरती शर्मा ने दी।


