Dhanbad News: आउटसोर्सिंग वाहन की चपेट में आने से बाल-बाल बचे आजसू नेता, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

बाघमारा के महेशपुर कोलियरी स्थित आउटसोर्सिंग परियोजना में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आजसू प्रखंड अध्यक्ष राकेश ग्याली एक भीषण दुर्घटना का शिकार होने से बच गए। घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने ट्रांसपोर्टिंग कार्य बाधित किया, जिसके बाद महाप्रबंधक के हस्तक्षेप और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के आश्वासन पर कार्य दोबारा शुरू हो सका।

बाघमारा: महेशपुर कोलियरी में संचालित आउटसोर्सिंग परियोजना के ओबीआर ट्रांसपोर्टिंग कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी का मामला सामने आया है। सिनीडीह रोड क्रॉसिंग के समीप तेज रफ्तार ट्रांसपोर्टिंग वाहन की चपेट में आने से आजसू प्रखंड अध्यक्ष राकेश ग्याली बाल-बाल बच गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए ट्रांसपोर्टिंग कार्य बाधित रहा।

जानकारी के अनुसार राकेश ग्याली अपनी कार से सुरेंद्र मार्केट सिनीडीह से बावनडीहा बस्ती की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रोड क्रॉसिंग पर अचानक तेज गति से आउटसोर्सिंग कंपनी का ओबीआर वाहन पहुंच गया। ग्याली ने तत्परता दिखाते हुए किसी तरह वाहन को नियंत्रित किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों का कहना है कि सामान्य दिनों में रोड क्रॉसिंग पर आउटसोर्सिंग कंपनी की ओर से कर्मियों को तैनात कर झंडा दिखाकर वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाती है, लेकिन घटना के समय वहां कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था। जबकि उक्त मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है।

घटना से नाराज आजसू नेता राकेश ग्याली ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए ट्रांसपोर्टिंग कार्य रुकवा दिया। उन्होंने कहा कि बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के भारी वाहनों का संचालन लोगों की जान जोखिम में डाल रहा है और कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

मामले की सूचना गोविंदपुर क्षेत्र के महाप्रबंधक वी. विजय कुमार को दी गई। इसके बाद महाप्रबंधक ने आउटसोर्सिंग प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के बाद ही ट्रांसपोर्टिंग कार्य संचालित करने का निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं होने के आश्वासन के बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य दोबारा शुरू कराया गया।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More