Deoghar News: भाजपा ग्रामीण मंडल की बैठक में केंद्र सरकार की योजनाएं घर-घर पहुंचाने पर जोर

देवघर: मधुपुर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मधुपुर ग्रामीण मंडल की मासिक बैठक गुरुवार को स्थानीय सीताराम डालमिया रोड स्थित ब्रह्म ऋषि आश्रम में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनूप कुमार (भैया) ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ सशक्तिकरण, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में ग्रामीण मंडल के प्रभारी रविंद्र नाथ तिवारी एवं प्रवासी कार्यकर्ता विशाखा सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर रविंद्र नाथ तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संगठन के निर्देशों के अनुरूप सक्रियता एवं अनुशासन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को मजबूत बनाने की दिशा में योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाएं।
उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को आम जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखना होगा तथा पार्टी की नीतियों एवं विकास कार्यों की जानकारी लोगों तक पहुंचानी होगी। प्रवासी कार्यकर्ता विशाखा सिंह ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन विस्तार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा जो जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, उनका पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करना सभी कार्यकर्ताओं का दायित्व है।
उन्होंने अधिक से अधिक नए लोगों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को भाजपा से जोड़ने का आह्वान किया। साथ ही जानकारी दी कि 16 अगस्त से प्रवास कार्यक्रम के तहत संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी, जिसके माध्यम से कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने तथा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। बैठक के दौरान संगठन की आगामी रणनीति, विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की सक्रियता बढ़ाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक में पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र भोक्ता, राज नारायण यादव, फुलेश्वर मंडल, धनंजय रवानी, रविंद्र भैया, आनंद यादव, दिनेश यादव, पंकज दास, रामदेव झा, रंजीत वर्मा, अजय भैया, कमल शाही, दिनेश भैया, सरोज शाही, नवल चौधरी, महेंद्र दास, दीपक सिंह, पिंटू मंडल, अक्षय राय, पुष्पा देवी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।


