Deoghar News: स्वतंत्रता दिवस से पहले मधुपुर में सद्भावना मैराथन, 17 धावकों ने लगाई दौड़; बबलू वर्मा रहे प्रथम

देवघर: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व गुरुवार को मधुपुर अनुमंडल प्रशासन एवं अनुराग गुटगुटिया वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में सद्भावना मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। दौड़ का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों में देशभक्ति, सामाजिक सद्भावना,आपसी भाईचारा एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता का संदेश देना था। सद्भावना मैराथन में कुल 17 धावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मैराथन दौड़ मछुआटांड़ से शुरू होकर ओझा मोड़, स्टेशन होते हुए राजवाड़ी तथा वहां से रेड क्रॉस परिसर तक आयोजित की गई। निर्धारित मार्ग पर धावकों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। दौड़ को सीओ यामुन रविदास एवं आयोजन के संयोजक अरविंद तिवारी मोती सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मौजूद लोगों ने धावकों का उत्साहवर्धन किया।आयोजन में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से देखने को मिली।
प्रतियोगिता में रातू बहियार निवासी बबलू वर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं महतो बहियार निवासी अजीत वर्मा दूसरे तथा नया बाजार निवासी रंजन कुमार तीसरे स्थान पर रहे।गोंदलीटांड़ निवासी सूरज यादव ने चौथा स्थान हासिल किया। दौड़ पूरी करने के बाद प्रथम चार स्थान प्राप्त करने वाले धावकों को सीओ यामुन रविदास एवं संयोजक अरविंद तिवारी मोती सिंह ने मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
आयोजकों ने बताया कि मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले धावकों को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर डाक बंगला मैदान में पुरस्कृत किया जाएगा। इस दौरान प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनके उत्साह और खेल भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजीव कुमार, एसआई अशोक कुमार, शौकत खान, आयोजन समिति के शाहिद आलिमी, फैय्याज कैसर, प्रिंस समद मोहम्मद इबरार, एनुल होदा, रंजन कुमार, मोहम्मद शाकिब समेत आयोजन समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के पूर्व इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ समाज में बेहतर संदेश जाता है।


