Deoghar News: अनिता गुआ हेम्ब्रम ने प्रभारी प्राचार्य का पदभार संभाला, शिक्षकों ने किया स्वागत

देवघर: मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के राजा भिठा स्थित महिला महाविद्यालय में सोमवार को अनिता गुआ हेम्ब्रम ने प्रभारी प्राचार्य के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मियों ने उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रभार ग्रहण करने के बाद प्रभारी प्राचार्य अनिता गुआ हेम्ब्रम ने कहा कि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।उन्होंने शिक्षकों से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक परिणाम, नियमित पठन-पाठन तथा विद्यालय के समग्र विकास के लिए सभी शिक्षकों, अभिभावकों एवं महाविद्यालय प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।महाविद्यालय परिसर में नए प्रभारी प्राचार्य के पदभार ग्रहण को लेकर उत्साह का माहौल देखा गया।


