Deoghar News: प्रथम सोमवारी से पहले महापौर ने कांवरिया रूटलाइन का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं परखी

देवघर: विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 की प्रथम सोमवारी की पूर्व संध्या पर देवघर नगर निगम की महापौर रवि कुमार राउत ने कांवरिया रूटलाइन का सघन निरीक्षण कर मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ नगर आयुक्त सुलोचना मीणा, उपमहापौर, जोनल चेयरमैन, स्थानीय पार्षद तथा नगर निगम के अधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कांवरिया पथ और रूटलाइन में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य शिविरों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। महापौर ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि प्रथम सोमवारी के अवसर पर किसी भी श्रद्धालु को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के क्रम में महापौर ने पैदल यात्रा कर रहे शिवभक्त कांवरियों से सीधा संवाद भी किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना। कांवरियों ने सफाई, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा नगर निगम के प्रयासों की सराहना की।
महापौर ने शिवभक्तों को प्रथम सोमवारी की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुरक्षित और सुगम जलार्पण की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा नगरी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सेवा और सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रावणी मेले में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए नगर निगम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रथम सोमवारी को उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए सफाई व्यवस्था और पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही स्वास्थ्य शिविरों को पूरी तरह सक्रिय रखने और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि शिवभक्तों को किसी प्रकार का कष्ट न हो, इसके लिए नगर निगम और प्रशासन का पूरा अमला लगातार मुस्तैद है तथा मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जा रही है।


