Deoghar News: रेलवे के समर्पित टीटीआई एस. सैन गुप्ता सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, साथियों ने भावभीनी विदाई दी

देवघर: मधुपुर रेलवे में टीटीआई (ट्रैवलिंग टिकट इंस्पेक्टर) के पद पर लंबे समय तक अपनी सेवाएं देने वाले एस. सैन गुप्ता के 31 जुलाई को सेवानिवृत्त होने पर शुक्रवार को रेलवे परिसर में एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि एस. सैन गुप्ता ने अपने पूरे सेवा काल में कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
उन्होंने यात्रियों के प्रति सदैव सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखा और विभागीय कार्यों को पूरी लगन एवं निष्ठा के साथ संपन्न किया। उनके कार्यों और समर्पण से विभाग को हमेशा लाभ मिला तथा वे अपने सहयोगियों के बीच एक सरल, मिलनसार और कर्मठ अधिकारी के रूप में जाने जाते रहे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए गए कार्यकाल की यादें साझा कीं और कहा कि उनकी कार्यशैली नए कर्मचारियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगी।
सभी ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएं दीं। समारोह में सीआईटी टी.के. नियाज़ी, वी.के. कुल्लू, मनोहर कुमार, वरिष्ठ सीटीटीसी कृपा शंकर, सीसीटीसी दिलीप दास, प्रमोद चौधरी, टीटीआई श्यामसुंदर पासवान, भुवनेश्वर मांझी, फुलेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, कुली ओमप्रकाश एवं विजय कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एस. सैन गुप्ता को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके दीर्घायु एवं सुखमय जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।


