Deoghar News: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में वर्चुअल रियलिटी से बाबा बैद्यनाथ का इतिहास देख रहे श्रद्धालु

देवघर के राजकीय श्रावणी मेला 2026 में जिला प्रशासन द्वारा 10 स्थानों पर वर्चुअल रियलिटी (VR) शिविर स्थापित किए गए हैं। इन शिविरों में कांवरिया और पर्यटक 3डी एनीमेशन के जरिए बाबा बैद्यनाथ धाम के गौरवशाली इतिहास और पौराणिक महत्व का अद्भुत अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को और अधिक समृद्ध बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जा रहा है। इसी क्रम में मेला क्षेत्र में विशेष वर्चुअल रियलिटी (वीआर) शिविरों का संचालन किया जा रहा है, जहां श्रद्धालु तकनीक के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ धाम के गौरवशाली इतिहास और धार्मिक महत्व से रूबरू हो रहे हैं।

जिला प्रशासन द्वारा स्थापित इन वीआर शिविरों में श्रद्धालुओं को 3डी एनीमेशन और अत्याधुनिक ग्राफिक्स तकनीक के जरिए बाबा मंदिर के इतिहास, द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग की स्थापना कथा तथा देवघर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विकास की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को भी आकर्षक तरीके से प्रदर्शित किया जा रहा है।

मेला क्षेत्र के दस अलग-अलग केंद्रों पर संचालित इन शिविरों में श्रद्धालु वीआर गियर पहनकर एक अनोखी आभासी दुनिया का अनुभव कर रहे हैं। गियर पहनते ही उन्हें ऐसा महसूस होता है मानो इतिहास और धार्मिक घटनाएं उनकी आंखों के सामने सजीव रूप में घटित हो रही हों। इस तकनीक ने श्रद्धालुओं को एक नया और अलौकिक अनुभव प्रदान किया है।

श्रद्धालुओं के बीच यह पहल काफी लोकप्रिय हो रही है। बड़ी संख्या में कांवरिया और पर्यटक वीआर शिविरों का लाभ उठाकर बाबा धाम की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जान रहे हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि आस्था और तकनीक का यह अनूठा संगम श्रद्धालुओं को यादगार अनुभव देने के साथ-साथ देवघर की समृद्ध विरासत से भी जोड़ रहा है।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More