सरयू के आवास पहुंचे दीपक प्रकाश, माँगा समर्थन

रांची: भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार और प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने 26 मार्च को झारखंड के दो सीटों पर होने वाले राज्यसभा चुनाव में सरयू राय से समर्थन माँगा है। इसी क्रम में दीपक रविवार को सरयू राय के आवास पर पहुंचे।
भाजपा उम्मीदवार के साथ पार्टी के महामंत्री और चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह भी थे। उन्होंने भाजपा के पूर्व विधायक और राज्य के पूर्व खाद्य आपूर्ति एवं संसदीय मामलों के मंत्री रहे सरयू राय से दीपक प्रकाश का समर्थन करने की अपील की, ताकि उनकी जीत सुनिश्चित हो जाए।
अप्रैल में झारखंड से राज्यसभा की दो सीटें खाली हो रही हैं। जिसमें से एक सीट पर झामुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन चुनाव लड़ रहे हैं। उनकी जीत पक्की लग रही है। जबकि दूसरे सीट पर सत्तारूढ़ गठबंधन ने शहजादा अनवर को उतारा है। इस कारण से दीपक और अनवर के बीच अहम मुकाबला हो सकता है। हालाँकि, दूसरे सीट पर दीपक प्रकाश का पलड़ा भारी दिख रहा है।
अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए प्रकाश और भाजपा के नेता उन सभी विधायकों से मिल रहे हैं, जो यूपीए से दूरी बनाकर रखना चाहते हैं। ऐसे ही विधायकों में सरयू राय भी आते हैं। उन्होंने कांग्रेस द्वारा शहजादा को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित करने पर इसकी खुलकर आलोचना की थी।
राय ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ चुनाव लड़ने के लिए अपना प्रत्याशी दे रही है। उसका उम्मीदवार जीतने वाला नहीं है. उन्होंने यह भी कहा था कि कांग्रेस को अपना उम्मीदवार देना ही नहीं चाहिए था। यह अच्छी परंपरा नहीं है। राज्यसभा में सर्वसम्मति से झारखंड से प्रतिनिधि भेजा जाता, तो अच्छा होता।
वहीं, दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस ने हॉर्स ट्रेडिंग के लिए अपना उम्मीदवार उतारा है। कहा कि पर्याप्त विधायकों की संख्या न होने के बावजूद कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उतारा, ताकि झारखंड को बदनाम किया जा सके।


