सरकार को निर्णय हेतु चेंबर ने धन्यवाद कहा
रांची: प्रदेश के व्यापार व उद्योग जगत की समस्याओं पर चर्चा के लिए फेडरेशन आॅफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की एक बैठक मुख्यमंत्री रघुवर दास के साथ संपन्न हुई। चेंबर के आग्रह पर उन्होंने जमाडा टैक्स पर विचार करते हुए यह आश्वस्त किया कि केवल माईनिंग क्षेत्र से जुड़े व्यापारियों पर ही यह टैक्स प्रभावी होगा, अन्य व्यापारियों पर से इस टैक्स को हटाया जाएगा।
ज्ञात हो कि मंत्रिपरिषद की बैठक में झारखंड खनिज क्षेत्र विकास प्राधिकार अधिनियम, 2000 की धारा 90 क 1 के प्रावधानों के तहत बाजार फीस प्रभार्य होनेवाली वस्तुओं में संशोधन को स्वीकृति दी गई है। चेंबर अध्यक्ष कुणाल अजमानी ने जमाडा टैक्स पर सरकार द्वारा लिये गये निर्णय के लिए धन्यवाद दिया। कहा कि चेंबर की लंबित मांग को पूर्ण करने से विशेषकर माइनिंग क्षेत्र के व्यापारियों को लाभ मिलेगा। सरकार के इस निर्णय से व्यापार जगत के बीच सकारात्मक संदेश गया है। बैठक के दौरान भारी मोटर वाहनों पर 12 वर्ष का एकमुश्त टैक्स वसूली जैसे परिवहन विभाग के निर्णयों पर पुर्नविचार करने की मांग भी की गई। अवगत कराया गया कि देवीपुर औद्योगिक क्षेत्र में उद्यमियों को भूमि आवंटित करने के कई माह बीत जाने के उपरांत भी उद्यमियों को अब तक पोजिशन नहीं मिला है।
इस दौरान अंचल कार्यालयों में निचले पायदान पर व्याप्त अनियमितता, म्युटेशन में हो रही कठिनाई और राज्य में लॉ एण्ड आर्डर की व्यवस्था को नियंत्रित करने पर भी चर्चा हुई। इसी प्रकार राज्य सरकार के राजस्व संग्रह में वृद्धि के अन्य उपायों पर भी गहनता से विचार विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में चेंबर अध्यक्ष कुणाल अजमानी, उपाध्यक्ष प्रवीण जैन छाबडा, महासचिव धीरज तनेजा, सदस्य कमल सिंघानिया सहित विनोद नेमानी सम्मिलित थे।