रांची: स्थानीय धुर्वा डैम में सोमवार को डूबने से दो लड़कों की मौत हो गई। यह घटना उस वक्त घटी, जब पांच दोस्त डैम नहाने पहुंचे थे। नहाने के क्रम में ही तीन लड़के गहरे पानी की ओर चले गये, जिसमें उनके दो साथियों ने एक को किसी प्रकार बचा लिया, लेकिन पंडरा रवि स्टील निवासी 17 साल के पीयूष और पिस्का मोड़ ओटीसी ग्राउंड निवासी साहिल सिन्हा काल की गाल में समा गये। सूचना मिलने पर पहुंची एनडीआरएफ की टीमों ने लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद दोनों लाशों को बरामद कर लिया है।[URIS id=8357]
एनडीआरएफ इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि डैम में गड्ढे होने के कारण दोनों लड़के डूब गये। मृतक के एक साथी अमन ने कहा कि तीन दोस्त नहाने के लिए आगे निकल गये व अचानक गड्ढा होने के कारण तीनों डूबने लगे, लेकिन हम किसी तरह एक को बचाने में सफल रहे। घटना के बाद मृतकों के परिजन का रो-रो कर बुरा हाल है। गौरतलब है कि विगत एक महीने के भीतर यहां डूबने से पांच बच्चों की मौत हो चुकी है।