बीआईटी लालपुर में योग दिवस पर जुटे छात्र-शिक्षक, निदेशक ने बताया स्वस्थ जीवन का सूत्र

रांची: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीआईटी लालपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. विजय कुमार झा की उपस्थिति में शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बच्चों ने सामूहिक योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर डॉ. विजय कुमार झा ने कहा कि योग एक प्रकार की साधना और पूजा है। जिस प्रकार हम प्रतिदिन नियमित रूप से पूजा करते हैं, उसी प्रकार योग को भी अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को तंदुरुस्त, ऊर्जावान और स्वस्थ बनाए रखता है। नियमित योगाभ्यास अपनाकर लोग महंगी चिकित्सा पर निर्भरता कम कर सकते हैं।
एनएसएस के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अभय रंजन श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में शामिल युवाओं और नन्हे बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि योग अब घर-घर तक पहुंच चुका है और लोग इसे अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बना रहे हैं।
डॉ. संदीप नाथ शाहदेव एवं डॉ. अमृता प्रियम ने भी सभी से योग को अपने जीवन में अन्य आवश्यक कार्यों की तरह शामिल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राणा मिश्रा, अजय कुमार, मनोज कुमार, जितेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं परिसर में रहने वाले बच्चे उपस्थित रहे।


