कोडरमा: नई दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, जमशेदपुर समेत देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली ट्रेनों में यात्रियों की काफी भीड़ बढ़ गई है। सामान्य बोगी में भी बैठने की जगह नहीं है। स्थिति यह है कि कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच नहीं लगाने से यात्रियों में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गत दो दिनों में कोडरमा स्टेशन पर लगभग दस हजार से अधिक यात्री उतरे हैं जो कोडरमा जिले के अलावा हजारीबाग, गिरिडीह एवं बिहार के नवादा व रजौली के लिए रवाना हुए हैं।
कोडरमा से कोवार तक चलने वाली पैसेंजर ट्रेन में भी यात्रियों की अत्यधिक भीड़ हो गई है। खासकर दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, सूरत में काम करने वाले लोग काफी संख्या में कोडरमा स्टेशन उतरने के बाद उक्त ट्रेन के जरिए कोडरमा एवं गिरिडीह जिले के विभिन्न स्टेशनों के लिए जा रहे हैं। बस की अपेक्षा इसमें भाड़ा भी काफी कम है। स्थिति यह है कि कई यात्री गार्ड बोगी के अलावा इंजन में भी सफर कर रहे हैं।