राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए 11 बेंच गठित, आपसी समझौते से होगा मामलों का निपटारा

जमुई: व्यवहार न्यायालय में आगामी 09 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश संदीप सिंह के निर्देश पर मामलों के सुगमतापूर्वक निस्तारण के लिए कुल 11 बेंच बनाए गए हैं। व्यवहार न्यायालय के न्यायिक पदाधिकारी , अधिवक्ता और अधीनस्थ कर्मी गठित बेंच में शामिल हैं। बेंच संख्या एक में एडीजे सत्यनारायण शिव हरे के साथ साधना कुमारी अधिवक्ता रहेंगी।
इस बेंच में मोटर वाहन दुर्घटना वाद, परिवार न्यायालय में लंबित वाद, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और बिहार ग्रामीण बैंक के ऋण मामलों का निष्पादन किया जाएगा। बेंच संख्या दो में पोक्सो कोर्ट के एडीजे महेश्वर दुबे के साथ अधिवक्ता हिमांशु कुमार पांडे रहेंगे। यहां ट्रैफिक चालान मामलों को निपटाया जाएगा। बेंच संख्या तीन में एडीजे अमोद कुमार के साथ अधिवक्ता सुमन कुमारी रहेंगी।
इसमें स्टेट बैंक और ग्रामीण बैंक को छोड़कर सभी निजी फाइनेंस बैंक के मामलों की सुनवाई की जाएगी। बेंच संख्या चार में एसीजेएम प्रथम गौतम कुमार के साथ अधिवक्ता प्रसादी साह रहेंगे। यहां उनके कोर्ट के लंबित वादों के साथ सीजेएम कोर्ट के लंबित वाद , बिजली विभाग सब डिवीजन झाझा और सिकंदरा के प्रकरणों को निपटाया जाएगा। बेंच संख्या पांच में एसीजेएम द्वितीय चंद्र बोस कुमार सिंह के साथ अधिवक्ता विवेक रहेंगे। यहां उनके कोर्ट के लंबित वादों के साथ बिजली विभाग सब डिवीजन गिद्धौर के मामलों की सुनवाई होगी। बेंच संख्या छः का दायित्व एसडीजेएम अनुभव रंजन संभालेंगे।
यहां उनके कोर्ट के लंबित वाद के अतिरिक्त वन विभाग से जुड़े मामलों का निष्पादन किया जाएगा। बेंच संख्या सात में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी कंचन रानी के साथ अधिवक्ता आलोक कुमार रहेंगे। इसमें उनके कोर्ट के लंबित वाद, एनआई एक्ट, चेक बाउंस और बिजली विभाग सब डिवीजन जमुई के मामलों का निष्पादन किया जाएगा। बेंच संख्या आठ में प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी निवेदिता कुमारी के साथ अधिवक्ता परशुराम यादव रहेंगे। यहां उनके कोर्ट के लंबित वादों के साथ प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी ज्ञान प्रकाश के कोर्ट के लंबित वाद तथा उनके कोर्ट के एनआई एक्ट और चेक बाउंस मामलों का निष्पादन किया जाएगा।
बेंच संख्या नौ में प्रथम श्रेणी के न्यायिक दंडाधिकारी अतुल रत्न के साथ अधिवक्ता प्रकाश यादव रहेंगे। इस बेंच में उनके कोर्ट के लंबित मामलों के साथ प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी कुमार शशि के कोर्ट के लंबित वाद, एनआई एक्ट तथा चेक बाउंस केस की सुनवाई होगी। बेंच संख्या दस में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी गौरव कुमार के साथ अधिवक्ता भूपेंद्र शर्मा रहेंगे। यहां उनके कोर्ट के लंबित वाद के साथ एनआई एक्ट, चेक बाउंस से जुड़े मामलों की सुनवाई की जाएगी।
इस बेंच में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी मेधा मनीषा और मनीषा कुमारी के कोर्ट के लंबित वादों की भी सुनवाई होगी। बेंच संख्या ग्यारह में न्यायिक दंडाधिकारी सौम्या सुमन के साथ अधिवक्ता राकेश कुमार सिन्हा रहेंगे। यहां उनके कोर्ट के लंबित वाद के साथ श्रम, दूरभाष , मापतौल और खनन विभाग के वादों की निस्तारित किया जाएगा। उधर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मंजूश्री कुमारी ने बताया की बैंचों का गठन भीड़ को नियंत्रित करने के लिए किया गया है।
इसके जरिए लोग सुगमता से अपने वादों का निस्तारण कर सकेंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह करते हुए कहा कि 09 मई को निर्धारित राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने में यथोचित सहयोग करें।


