राष्ट्रपति के दौरे को लेकर मुख्य सचिव ने दिए निर्देश

रांची: आगामी 28 फरवरी से शुरू हो रही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की दो दिवसीय झारखंड दौरे की तैयारियों को लेकर राज्य के मुख्य सचिव डॉ डीके तिवारी ने अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने राष्ट्रपति के आगमन के दौरान व्यवस्था की बिंदुवार जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी।
28 फरवरी को राष्ट्रपति दोपहर के 4:40 से लेकर साढ़े 5 बजे तक सेंट्रल यूनिवर्सिटी के चेरी-मनातू कैंपस में दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे। इसी दौरान वे नये भवनों का भी उद्घाटन करेंगे। इसके अगले दिन राष्ट्रपति गुमला जिले के विशुनपुर में विकास भर्ती कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। जिसके बाद वे देवघर के लिए रवाना हो जायेंगे, जहाँ राष्ट्रपति बाबाधाम में पूजा-अर्चना करेंगे।
दीक्षांत समारोह स्थल की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य सचिव ने सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखंड के प्रतिनिधियों को कार्यक्रम के दौरान अनुशासन को बनाये रखने का निर्देश दिया। निर्देशानुसार डायस पर राष्ट्रपति सहित सभी की कुर्सिंयां एक तरह की होंगी। उनके आगमन के दौरान यूनिवर्सिटी के प्राध्यापकगण और छात्र सड़क के किनारे खड़े होकर उनका स्वागत नहीं करेंगे। वहीं कार्यक्रम के दौरान डायस और पंडाल में बैठे अतिथियों को चाय-पानी कराने पर भी रोक रहेगी। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय धुन जैप वन के जवान बजाएंगे। डायस का निरीक्षण करने का निर्देश भवन सचिव श्री प्रवीण टोप्पो को दिया गया।
इसके अलावा मुख्य सचिव ने कार्यक्रम स्थल तक राष्ट्रपति का वाहन सुगमता से पहुंचे और वापस लौटे, इसका निर्देश रांची, गुमला और देवघर प्रशासन को दिया. इसके अलावा राष्ट्रपति के कार्यक्रम को लेकर उनकी सुरक्षा की समीक्षा की तथा उसकी जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कारकेड में एंबुलेंस के साथ उनके ब्लड ग्रुप का रक्त भी रखें। इसके अलावा उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सीय व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय, अग्निशमन व्यवस्था सहित उनके यात्रा मार्गों की साफ-सफाई पर विशेष बल दिया।
इस बैठक में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी कमल नयन चौबे, प्रधान सचिव शैलेश कुमार सिंह, अजय कुमार सिंह, नितिन मदन कुलकर्णी, सचिव केके सोन, प्रवीण टोप्पो, हिमानी पांडेय, एडीजी अजय कुमार सिंह, रांची के उपायुक्त और वरीय आरक्षी अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी मौजूद rhe। वहीं वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के उपायुक्त और प्रमंडलीय आयुक्त भी जुड़े।


