मुख्यमंत्री पशुधन योजना चयन समिति की बैठक, 115 लाभुकों का हुआ चयन व अनुमोदन
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज : गोपनीय कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी हेमन्त सती की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना अंतर्गत चयन समिति और जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। सोमवार को हुई बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा योजना से संबंधित पात्र लाभुकों के चयन प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि लाभुकों का चयन पूर्णत: पारदर्शिता, पात्रता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। समीक्षा उपरांत चयनित लाभुकों के प्रस्तावों को अनुमोदन प्रदान किया गया। उपायुक्त द्वारा चयन प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने हेतु चयनित लाभुकों से दूरभाष पर संपर्क कर यह भी जानकारी ली गई कि उन्हें पूर्व में उक्त योजना अथवा किसी समान योजना का लाभ प्राप्त हुआ है या नहीं।
बैठक में जानकारी दी गई कि दो गाय योजना अंतर्गत 82 लाभुकों, पांच गाय योजना अंतर्गत 30 लाभुकों तथा दस गाय योजना अंतर्गत 03 लाभुकों का अनुमोदन दिया गया। बैठक में जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. रामसरीख प्रसाद, भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल गुप्ता, झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी के डीपीएम मार्टिन तारीक सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।


