JPSC विवाद: JPSC-CGL विवाद पर पाकुड़िया में प्रदर्शन, ABVP ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका

पाकुड़: रांची में जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के खिलाफ शनिवार को पाकुड़िया में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सिद्धू-कान्हू मोड़ पर एकत्र होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी-सीजीएल परीक्षा से जुड़े मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि छात्रों के लोकतांत्रिक तरीके से उठाए जा रहे सवालों का समाधान बातचीत और निष्पक्ष जांच के माध्यम से किया जाना चाहिए।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता बेहद जरूरी है। परीक्षा व्यवस्था को लेकर छात्रों के बीच यदि किसी प्रकार की आशंका उत्पन्न होती है, तो सरकार को उसका समाधान स्पष्ट तरीके से करना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने छात्रों पर पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए मामले में उचित कदम उठाने की मांग की।
इस दौरान संगठन के कार्यकर्ता एवं अन्य समर्थक मौजूद रहे। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए सिद्धू-कान्हू मोड़ पर राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं।


