रांची: मुख्यमंत्री ने जनजातीय समूह के युवाओं से अपील किया कि झारखंड की दशा व दिशा बदलने के लिए हमें कृतसंकल्पित होना होगा। कहा कि आदिवासी, दलित, अनुसूचित व अल्पसंख्यक युवा आप अपनी सोच को बदलें, क्यों कि दशकों तक आप को भ्रम में रखा गया। ऐसे में अब उस धुंध रूपी भ्रम को हटाने का समय आ चुका है। डिजिटल होते इस युग में आप बदलकर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। जैसे ही आप सोच बदलेंगे, वैसे ही समाज स्वतः बदल जाएगा। सीएम ने आदिवासी युवाओं से आहवान किया कि यदि आप आईएएस बनना चाहते हैं, तो सरकार आपको एक लाख रुपये तैयारी करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करेगी।
[URIS id=9499]
उन्होंने कहा कि सरकार का ध्येय है कि आदिवासी, दलित व अल्पसंख्यक समाज के युवाओं को राज्य सरकार विकसित समाज की श्रेणी में लाना चाहती है। कहा कि आप को गुमराह कर विकास में पीछे कर दिया गया है। जल, जंगल, जमीन के नाम पर दशकों तक यही होता रहा। आप विकास विरोधी की पहचान करें और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन करें। सीएम शनिवार को होटल बीएनआर में भारतीय औद्योगिक महासंघ (सीआईआई) के ट्राइबल डेवलपमेंट मीट को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उद्योग लगानेवाले जनजातीय युवाओं को भी सरकार 50 फीसदी रियायती दर पर जमीन उपलब्ध करायेगी। ये राशि उन्हें पांच साल में 10 किश्त में भुगतेय होगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने आदिवासी वित्त निगम, पिछड़ा वित्त निगम, अल्पसंख्यक वित्त निगम और अनुसूचित वित्त निगम को 5-5 करोड़ रुपये देने का निर्णय लिया है। कहा कि राज्य सरकार छह आकांक्षी जिलों के आदिवासी, दलित, अनुसूचित और अल्पसंख्यक युवाओं को रोजगार प्रदान करना चाहती है।
सीएम ने कहा कि आदिवासी, दलित, अनुसूचित और अल्पसंख्यक समुदाय के युवा स्टार्टअप और स्टैंडअप से जुड़ें। छोटी कंपनियां बनायें और आगे आएं। आईटी के क्षेत्र को भी अपना कर दूसरों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएं। इस बाबत आपलोगों को सरकार ऋण उपलब्ध करायेगी। सीएम ने कहा कि दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स व आदिवासी इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स झारखंड के 17 पिछड़े जिले जिनमें से 6 आकांक्षी जिलों की श्रेणी में आते हैं। वहां के आदिवासी, दलित, अनुसूचित और अल्पसंख्यक युवाओं को रोजगार प्रदान करना सरकार का ध्येय है। इस मौके पर दलित इंडियन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन पद्मश्री मिलिंद काम्बले, उद्योग सचिव के रवि कुमार, ट्राइबल इंडियन चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रेसिडेंट खेलाराम मुर्मू, सीआइआइ के वाइस चेयरमैन संजय सभरवाल, डिक्की ईस्टर्न जोन के चेयरमैन राजेंद्र कुमार, सीआईआई झारखंड स्किल डेवलपमेंट की को-कन्वेनर प्रीति सहगल, सीआइआइ झारखंड स्टेट काउंसिल के चेयरमैन नीरज कांत, सीआईआई झारखंड के हेड इंद्रनील घोष, अनुसूचित जाति, दलित समाज के उद्यमी सहित कई लोग मौजूद थे।