कोडरमा: मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र ने चलाया जन जागरूकता अभियान

कोडरमा: 7वें चरण के जनजागरूकता कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को कोडरमा के जयनगर प्रखंड के रूपायडीह एवं तेतरौन पंचायत में मुख्यमंत्री जनसंवाद केंद्र झारखंड द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कोडरमा जिला के शिकायत निवारण समन्वयक अविनाश कुमार चौबे सहित जनसंवाद मुख्यालय प्रतिनिधि अमित परही ने संक्षिप्त रूप से संवाद स्थापित करते हुए ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।
इस दौरान ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। खास तौर पर प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की जानकारी देते हुए ग्रामीणों को बताया गया कि मातृत्व वंदना योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। वहीं मुख्यमंत्री सुकन्या योजना के बारे में बताया गया कि इसका उद्देश बेटियों की पढ़ाई पर आने वाले खर्च को आसानी से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक- आथिर्क विकास के लिए स्थानीय जनसमुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार का प्रथम दायित्व है। अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों की उपस्थिति को देखते हुए शादी शगुन योजना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना अल्पसंख्यक परिवार के उन बेटियों के लिए है जिसकी शैक्षणिक योग्यता बीए पास हो। उनके शादी के लिए राज्य सरकार 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दे रही है।
इसके अलावा आयुष्मान भारत योजना, मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना, मुख्यमंत्री सुकन्या योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, जीवन सुरक्षा योजना, जननी सुरक्षा योजना, कन्यादान योजना, शादी शगुन योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, 108 एंबुलेंस सेवा, डॉ. भीमराव अंबेडकर विधवा आवास योजना, उज्ज्वला योजना, वृद्धा, विधवा और दिव्याङ्ग पेंशन के अलावा जेएसएलपीएस के जरिये सखी मंडल (सेल्फ हेल्प ग्रुप) के गठन की प्रक्रिया एवं पारिवारिक-पैतृक संपति बंटवारा शुल्क में छूट के बारे में भी बताया गया। ग्रामीणों के बीच इस बाबत योजनाओं से संबंधित पुस्तिका, पंप्लेट का वितरण कर उनकी प्रतिक्रिया ली गई। मौके पर जनसंपर्क के एलईडी वैन के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का वीडियो क्लीप भी दिखाया गया। इस दौरान मुखिया, पंसस, वार्ड सदस्य, पंचायत सेवक, रोजगार सेवक, आंगडबाड़ी सेविका, जेएएसलपीएस के सखी मंडल, सामाजिक कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More