शिक्षक दिवस पर अनोखा सम्मान
चंदनकियारी: यहां के कलाकार अजय शंकर महतो ने सैंड आर्ट के माध्यम से बालू के रेत पर डाॅ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की सुंदर व भव्य आकृति बनाकर उनका जन्मोत्सव बनाया। मौके पर पहुंचे सैंकड़ों की तादात में ग्रामीणों ने भी इस अनोखी कलाकारी की प्रशंसा करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन पेश किया।
डाॅ राधाकृष्णन की सुंदर रंगीन रेत में बनी आकृति को देखने के लिए नदी किनारे लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कलाकार अजय शंकर महतो ने कहा, कि इस तरह के रेत में आकृति हम हर पूजा त्यौहार तथा राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय दिवस पर बनाते हैं। इसे देखने के लिए बोकारो सहित धनबाद व दूर-दूर से लोग यहां आते हैं। नदी में रेत कम मात्रा में रहने के कारण वे कई भव्य आकृतियां नहीं बना पा रहे हैं। सेंड आर्ट्स के जानकार अजय शंकर ने सरकार से आहवान किया है कि उसके जैसे कलाकार को हुनर दिखाने का मौका मिले।