Chaibasa News: कॉलेज में बुनियादी सुविधाओं का संकट, सरकार से सुधार की मांग

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के युवा नेता दुवारिका शर्मा ने बुधवार को ज्ञान चंद्र जैन कॉमर्स कॉलेज का ग्राउंड सर्वे किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज की स्थिति की गहन जांच की गई, जिसमें कई गंभीर कमियां सामने आईं।
निरीक्षण में पाया गया कि वर्षों से कॉलेज में कोई विशेष विकास कार्य नहीं हुआ है। पश्चिम सिंहभूम का यह एक महत्वपूर्ण कॉमर्स कॉलेज होने के बावजूद यह बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी से जूझ रहा है, जिससे छात्रों को पढ़ाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
दुवारिका शर्मा ने बताया कि कॉलेज में शैक्षणिक सुविधाओं के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं की भी गंभीर कमी है। बाथरूम से लेकर खेल मैदान तक की स्थिति संतोषजनक नहीं है। पीने के पानी की व्यवस्था भी ठीक नहीं है, जिससे छात्रों को रोजाना परेशानी हो रही है।
निरीक्षण में कई प्रमुख समस्याएं सामने आईं, जिनमें लाइब्रेरी की कमजोर स्थिति, बाउंड्री व मुख्य गेट की खराब हालत, सुरक्षा गार्ड एवं गार्ड रूम का अभाव, छोटे एवं असुविधाजनक क्लासरूम, जर्जर बेंच-डेस्क, भवन की टूटी-फूटी दीवारें, स्वच्छता की खराब व्यवस्था, ग्राउंड का अधूरा विकास तथा पेयजल की अपर्याप्त सुविधा शामिल हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कॉलेज में दूर-दराज से छात्र पढ़ने आते हैं, लेकिन हॉस्टल की सुविधा नहीं होने से उन्हें बाहर रहकर अतिरिक्त खर्च और परेशानी उठानी पड़ती है। साथ ही, शिक्षकों के लिए भी आवास (क्वार्टर) की व्यवस्था नहीं है।
दुवारिका शर्मा ने सरकार से मांग की कि कॉलेज के पास पर्याप्त जमीन उपलब्ध है, ऐसे में यहां एक आधुनिक और सभी सुविधाओं से युक्त कॉलेज विकसित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा सरकार अन्य क्षेत्रों में करोड़ों रुपये खर्च कर सकती है, तो शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में निवेश भी जरूरी है। आज का छात्र बेहतर शिक्षा पाएगा, तभी देश का भविष्य मजबूत होगा।


