फ़ाइलेरिया उन्मूलन सिर्फ अभियान नहीं, स्वस्थ झारखंड का संकल्प

गोड्डा: गोड्डा जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा फ़ाइलेरिया उन्मूलन अभियान (आईडीए राउंड) कई दिनों से ज़ोर-शोर से चलाया जा रहा है। यह अभियान 10 अगस्त से झारखंड के नौ जिलों में एक साथ शुरू हुआ था, जिनमें गोड्डा प्रमुख है। इस अभियान का लक्ष्य न केवल रोग को खत्म करना है, बल्कि एक स्वस्थ और सशक्त झारखंड की दिशा में ठोस कदम उठाना भी है।
जिला मलेरिया पदाधिकारी डॉ. रविन्द्र पासवान ने बताया कि स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर पात्र लाभुकों को फ़ाइलेरिया रोधी तीन दवाओं – डीईसी, अल्बेंडाजोल और आइवरमेक्टिन – का सेवन करा रहे हैं। ये दवाएं पूरी तरह सुरक्षित, प्रभावी और नि:शुल्क हैं। गोड्डा जिले के आठ चिन्हित प्रखंडों की 15 लाख 63 हज़ार 739 आबादी को लक्षित किया गया है, जिनमें से 14 लाख 22 हज़ार 229 लोगों को दवा दी जा चुकी है। अभियान की सतत निगरानी के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं और प्रखंडवार गतिविधियाँ सूक्ष्म कार्ययोजना के आधार पर चल रही हैं।
भीबीडी कंसल्टेंट हेमंत कुमार ने बताया कि अभियान को सफल बनाने में शिक्षा, आंगनबाड़ी, पंचायती राज, नगर निकाय, स्वच्छता, आजीविका एवं जलापूर्ति विभागों की सक्रिय भागीदारी हो रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वयं दवा खाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि दो वर्ष से कम उम्र के बच्चे, गर्भवती महिलाएं और गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति इस दवा से वंचित रहेंगे। बाकी सभी लोगों को आयु के अनुसार दवा की खुराक स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी में खिलाई जाएगी। दवाएं खाली पेट नहीं खानी हैं।


