आदिवासी महिला से दुष्कर्म के आरोपों को लेकर 5 नवंबर को भाजपा महिला मोर्चा करेगा एसडीपीओ कार्यालय का घेराव

एसडीपीओ कार्यालय का घेराव करने की तैयारी।

गोड्डा: सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के तिलाबाद मिशन के फादर थॉमस सोरेन पर एक आदिवासी महिला के साथ बार-बार दुष्कर्म, जबरन गर्भपात कराने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की ओर से गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को गोड्डा में एसडीपीओ कार्यालय का घेराव एवं विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर इस मामले की जांच के लिए अधिवक्ता सह प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनीता सोरेन के नेतृत्व में एक जांच कमेटी गठित की गई है। एसडीपीओ कार्यालय के घेराव और एसपी को ज्ञापन सौंपने के बाद कमेटी सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के तेतरिया-2 गांव पहुंचेगी। वहां पीड़िता और उनके परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली जाएगी तथा पूरे घटनाक्रम की वस्तुस्थिति का जायजा लिया जाएगा।

जांच कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू को सौंपेगी। कमेटी में जिला अध्यक्ष लक्ष्मी चक्रवर्ती, विशेष आमंत्रित सदस्य एवं पूर्व राष्ट्रीय महिला आयोग सदस्य ममता कुमारी, गोड्डा जिला उपाध्यक्ष लिलीसी हेंब्रम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष रिंकी देवी तथा सुंदरपहाड़ी मंडल अध्यक्ष अनीता हेंब्रम शामिल हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Desk

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More