कैंप की सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठायें: चैंबर अध्यक्ष

रांची । नगर निगम और झारखण्ड चैंबर आॅफ काॅमर्स के संयुक्त प्रयास से पिछले कई दिनों से लगाया जा रहा कैंप सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। आज यह कैंप डंगरा टोली और लालजी हिरजी रोड के पास लगाया गया था। कैंप में व्यापारियों की अच्छी संख्या में उपस्थिति रही। लगभग 45 की संख्या में ट्रेड लाईसेंस निर्गत किया गया। कैंप के माध्यम से व्यापारियों ने पूर्व के लाईसेंस का नवीकरण भी कराया। विदित हो कि व्यवसायियों की मांग पर यह कैंप 30 नवम्बर तक विस्तारित किया गया है। उक्त जानकारी नागरिक सुविधा उप समिति के को चेयरमेन अमित शर्मा ने देते हुए कहा कि कैंप के माध्यम से दुकानदार आसानीपूर्वक लाईसेंस प्राप्त कर रहे है। कैंप में आनेवाले दुकानदार अपने होल्डिंग रसीद, रेंट एग्रीमेंट, बिजली बिल, आधार कार्ड की काॅपी जरूर लायें। इसके अलावा पार्टनरशिप/अन्य कंपनी के सारे पार्टनर या डायरेक्टर के आधार कार्ड भी लायें। ट्रेड लाईसेंस प्राप्त करने के लिए ये सारे दस्तावेज जरूरी हैं। बिना दस्तावेजों को दिये लाईसेंस प्राप्त करने का आवेदन स्थगित रह जायेगा। कैंप में उप समिति चेयरमेन विकास विजयवर्गीय, रोहित पोद्दार, को-चेयरमेन अमित शर्मा, पीआरओ शैलेष अग्रवाल सहित अन्य सम्मिलित हुए। कल यह कैंप पुनः पारस काॅम्प्लेक्स, लालपुर के पास लगाया जायेगा। चैंबर अध्यक्ष रंजीत गाडोदिया ने व्यवसायियों से यह अपील की कि अब तक जो भी व्यापारी ट्रेड लाईसेंस बनाने से वंचित रहे हैं, वे इस कैंप की सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठायें।


