बजट पर वित्तमंत्री ने कहा, सरकार का फोकस सोशल सेक्टर पर

रांची: राज्य के वित्तमंत्री रामेश्वर उरांव ने बजट सत्र के दौरान कहा कि सरकार खर्च बढ़ाने के साथ-साथ उसके परिणामों पर भी ध्यान देगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की स्थापना के लिए जयपाल सिंह मुंडा से लेकर दिशोम गुरु ने लड़ाई लड़ी। लेकिन, झारखंड बनने के कई वर्षों बाद भी कई लोग भूखे, नंगे और प्यासे हैं। इन्हीं मसलों को राज्य में जड़ से हटाने पर सरकार का ध्यान है। सरकार का फोकस सोशल सेक्टर पर है। भूखों की समस्या दूर करने के लिए 10 लाख लोगों का राशन कार्ड बनेगा, जिसे अगले वर्ष तक वितरित कर दिया जाएगा।
इसके अलावा वित्तमंत्री ने बताया कि सरकार गरीबों के बीच दस रूपए में धोती-साड़ी-लूंगी का वितरण करेगी। वहीं, पीएम आवास योजना के तहत लाभुकों को राज्य सरकार की तरफ से अतिरिक्त पचास हजार रूपए दिए जायेंगे। इसके अलावे आजसू प्रमुख सुदेश महतो के सवालों के जवाब देते हुए उरांव ने कहा कि विपक्ष की आलोचना को राज्य सरकार सुझाव के रूप में लेगी। सरकार के प्रॉमिस और परफॉरमेंस के बीच कोई गैप नहीं रहेगा। मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना बंद करने का तर्क देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि इसका लाभ वैसे लोगों को मिल रहा था, जो खेती करते ही नहीं हैं, वे सिर्फ जमीन के मालिक हैं। दूसरों की जमीन पर खेती करने वाले छोटे-छोटे किसान इससे वंचित थे।
इससे पहले सुदेश महतो ने सरकार पर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बजट पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि सरकार की घोषणापत्र में दावे कुछ और हैं, जबकि बजट में कुछ और ही कहा गया है। सरकार अगर सोशल सेक्टर पर ध्यान केन्द्रित करना चाहती है, तब तो और चिंता की बात है क्योंकि बजट में अस्पताल, डॉक्टर, स्कूल, शिक्षक आदि की संख्या बढ़ाने का कोई भी जिक्र नहीं किया गया। मानव इंडैक्स पर सरकार को काम करने की जरूरत है। यहां सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है कि हो जाएगा, पर बजट में इसके लिए कोई उपबंध है ही नहीं। सरकार को गरीबों पर फोकस करते हुए बजट पर फिर से आकलन करना चाहिए।


