Bokaro News: अतिक्रमणकारियों की गुंडागर्दी, बीएसएल सुरक्षा टीम पर पथराव और चाकू से हमला

निर्मल महाराज
बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट (बीएसएल) क्षेत्र में कब्जेदारों की गुंडागर्दी लगातार बढ़ती जा रही है। अवैध बिजली कनेक्शन जोड़ने से रोकने पहुंची बीएसएल प्लांट की सुरक्षा टीम और कर्मचारियों पर हमला कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान पथराव किया गया, वहीं चाकू और कुल्हाड़ी लेकर सुरक्षा कर्मियों को दौड़ाया गया। पूरे घटनाक्रम के बाद प्लांट प्रबंधन और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
बताया जा रहा है कि सेक्टर-6 थाना क्षेत्र अंतर्गत बोकारो होटल के पीछे अवैध रूप से रह रहे लोगों द्वारा बिजली कनेक्शन जोड़े जाने की शिकायत बीएसएल सुरक्षा विभाग को मिली थी। इसके बाद विभागीय टीम और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। कार्रवाई शुरू होते ही कब्जेदार उग्र हो गए और विरोध करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।
आरोप है कि हमलावरों ने सुरक्षा जवानों के साथ धक्का-मुक्की की और पथराव शुरू कर दिया। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि मौके पर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए। डीजीएम सिक्योरिटी कर्नल आर.एस. शेखावत के साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान कुछ सुरक्षा कर्मियों को चोटें आईं, जबकि एक कर्मचारी का मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया।
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए थाने में लिखित शिकायत दी है। शिकायत में आरोपियों के खिलाफ हमला, मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा और जान से मारने की धमकी देने जैसी धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
विदित हो कि बीएसएल प्लांट सुरक्षा विभाग के डीजीएम कर्नल आर.एस. शेखावत अपनी ईमानदारी और कार्यकुशलता के लिए जाने जाते हैं। भ्रष्टाचार से सख्त नफरत करने वाले शेखावत सेना में कर्नल रह चुके हैं। जानकारी के अनुसार, बीती रात वे अपनी पत्नी का इलाज करवाकर लौटे थे और अगले ही सुबह फिर ड्यूटी में जुट गए।
बताया जाता है कि कर्नल शेखावत स्वयं शुगर के गंभीर मरीज हैं। उनका शुगर लेवल 350 से अधिक रहता है। इंसुलिन लेने के बावजूद वे लगातार ड्यूटी कर रहे हैं और जोखिम भरे अभियानों में भी सक्रिय रहते हैं। उनकी मां की तबीयत भी अक्सर खराब रहती है, लेकिन इसके बावजूद वे अपने कार्य में कोई कोताही नहीं बरतते।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे ईमानदार और कर्मठ अधिकारी पर प्रबंधन को विशेष ध्यान देना चाहिए, ताकि उन्हें ऐसी जगह पदस्थापित किया जा सके, जहां वे अपने परिवार की बेहतर देखभाल के साथ-साथ अपनी जिम्मेदारियां भी प्रभावी ढंग से निभा सकें।


