Bokaro News: बीएसएल में आउटसोर्स कर्मचारियों हेतु ‘संवर्धन’ पोर्टल का शुभारंभ निर्देशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया

बोकारो: इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा संयंत्र की प्रशिक्षण यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर स्थापित करते हुए ‘संवर्धन’ नामक एसएपी आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया गया। यह पोर्टल विशेष रूप से आउटसोर्स कर्मचारियों के प्रशिक्षण एवं कौशल विकास के लिए समर्पित है। इस अवसर पर वर्ष 2025–26 के लिए ज्ञानार्जन एवं विकास उत्कृष्टता सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया।संवर्धन’ प्लेटफॉर्म का विधिवत शुभारंभ निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अधिशासी निदेशक (संकार्य) अनुप कुमार दत्त, मुख्य महाप्रबंधक, प्रशिक्षण इंजीनियर तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) नीता बा ने सभी का स्वागत करते हुए वर्ष 2025-26 हेतु नियोजित प्रमुख प्रशिक्षण पहलों पर प्रकाश डाला तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म और डेटा-आधारित शिक्षण तंत्र की भूमिका को रेखांकित किया। निदेशक प्रभारी रंजन ने अपने संबोधन में इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए पूरे संगठन में सीखने की संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रति अपनी अपेक्षाएं साझा कीं। अधिशासी निदेशक (संकार्य) दत्त ने परिचालन उत्कृष्टता को बढ़ावा देने में निरंतर सीखने के महत्व को रेखांकित किया।
एक भविष्योन्मुखी एवं उच्च प्रदर्शनशील कार्यबल के निर्माण के दृष्टिकोण के अनुरूप, बोकारो इस्पात संयंत्र में ज्ञानार्जन एवं विकास की गतिविधियाँ सभी स्तरों पर क्षमताओं को सुदृढ़ करने में परिवर्तनकारी भूमिका निभा रही हैं। प्रत्येक कर्मचारी के लिए न्यूनतम 50 प्रशिक्षण घंटे सुनिश्चित करने का निर्णय संगठित एवं परिणाम-उन्मुख शिक्षण की दिशा में एक प्रभावी कदम है। इस पहल की विशेषता ज्ञानार्जन एवं विकास के ढांचे में आउटसोर्स कर्मचारियों को सम्मिलित करना है, जो समावेशी क्षमता विकास के प्रति संयंत्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सीएंडआईटी तथा मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग द्वारा संयुक्त रूप से विकसित ‘संवर्धन’ पोर्टल प्रशिक्षण प्रबंधन में मानकीकरण, पारदर्शिता तथा रीयल-टाइम डेटा प्रबंधन सुनिश्चित करेगा। कार्यक्रम के दौरान उप महाप्रबंधक (सीएंडआईटी) मनोज कुमार तथा सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) अमित आनंद को उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। मनोज कुमार की ओर से यह सम्मान मुख्य महाप्रबंधक (सीएंडआईटी) ने प्राप्त किया।
प्रशिक्षण एवं विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को मान्यता देते हुए ‘उत्कर्ष’ (सर्वश्रेष्ठ विभाग) का पुरस्कार कोक ओवन एवं कोल केमिकल्स विभाग को प्रदान किया गया, जबकि ‘प्रेरक’ (सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण इंजीनियर) का पुरस्कार आलोक कुमार को दिया गया। ये पुरस्कार निदेशक प्रभारी द्वारा प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सफल समन्वय वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) प्रीति कुमारी तथा सहायक महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास) अमित आनंद द्वारा किया गया।संवर्धन’ पोर्टल का शुभारंभ डिजिटल लर्निंग एवं समावेशिता के प्रति बोकारो इस्पात संयंत्र की अटूट प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है। यह पहल न केवल कर्मियों की कार्यक्षमता एवं कौशल में वृद्धि करेगी, बल्कि परिचालन उत्कृष्टता एवं उत्पादकता के लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु संयंत्र की निरंतर सुधार की संस्कृति को भी नया आयाम प्रदान करेगी।


