Bokaro News: स्वच्छता से सुंदर होगा बांसगोड़ा: BSL ने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों में चलाया सफाई अभियान

बोकारो: इस्पात संयंत्र के निगमित सामाजिक दायित्व (सीएसआर) विभाग द्वारा 28 मार्च को बांसगोड़ा पंचायत स्थित पीएम मिडिल स्कूल परिसर, आंगनवाड़ी केंद्र एवं चौपाल में एक वृहद स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना, प्लास्टिक मुक्त वातावरण को प्रोत्साहित करना तथा सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से एक स्वस्थ समाज की नींव रखना था। अभियान के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र एवं विद्यालय परिसर में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई की गई। स्वच्छता मानकों को सुदृढ़ करने के लिए आंगनवाड़ी केंद्र में झाड़ू, डस्टबिन, बाल्टी, मग और फिनाइल जैसी आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया।
इसके अतिरिक्त, सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति ग्रामीणों को प्रेरित करने के उद्देश्य से कपड़े के थैलों का भी वितरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित जन-जागरूकता सत्र में ग्रामीणों को स्वच्छ वातावरण के महत्व और प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बांसगोड़ा पंचायत की मुखिया सावित्री मुर्मू उपस्थित थीं। कार्यक्रम में समाजसेवी मनोज मुर्मू, पीएम मिडिल स्कूल (माराफारी) के प्राचार्य मनोज कुमार झा, शिक्षक कृष्णा पाण्डेय, आंगनवाड़ी केंद्र की सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएँ एवं बच्चे सम्मिलित हुए।
बीएसएल के निगमित सामाजिक दायित्व विभाग से महाप्रबंधक पी. पी. चक्रवर्ती, सहायक महाप्रबंधक ऋचा कुणाल, वरीय प्रबंधक नीरज त्रिपाठी, सहायक प्रबंधक प्रवीण कुमार, संजीव कुमार एवं सूरज चंद्र तिवारी ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज की।यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की संस्कृति विकसित करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति बोकारो इस्पात संयंत्र की सतत प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। सामुदायिक स्तर पर आयोजित ऐसे जागरूकता अभियान न केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वच्छता मानकों में सुधार लाते हैं, बल्कि एक स्वच्छ और हरित भविष्य के निर्माण की दिशा में संगठन के सामाजिक उत्तरदायित्वों को भी सशक्त बनाते हैं।


