Bokaro News : BSL में ‘एक नए सफर की शुरुआत’ कार्यक्रम, 61 सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को मिला मार्गदर्शन

बोकारो इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग स्थित मुख्य प्रेक्षागृह में अगस्त और सितंबर 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के लिए ‘एक नए सफर की शुरुआत’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अगस्त में सेवानिवृत्त होने वाले 25 और सितंबर में सेवानिवृत्त होने वाले 36 कर्मियों समेत कुल 61 कर्मचारी एवं अधिकारी शामिल हुए।

बोकारो :  बोकारो इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग स्थित मुख्य प्रेक्षागृह में   अगस्त एवं सितंबर 2026 में सेवा-निवृत्त हो रहे कर्मियों के लिए ‘एक नए सफर की शुरुआत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।अगस्त माह में सेवानिवृत्त हो रहे 25 तथा सितंबर माह में सेवानिवृत्त हो रहे 36 कर्मियों सहित कुल 61 कर्मचारियों एवं अधिकारियों हेतु आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उन्हें सेवा-निवृत्ति के उपरांत स्वास्थ्य, वित्तीय नियोजन तथा अंतिम निपटारा प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक बनाना रहा।इस पहल के दौरान विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ वक्ता उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को उपयोगी परामर्श दिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रबंधक (मानव संसाधन-सेवाएं) के स्वागत भाषण से हुआ, जिसमें उन्होंने इस विशेष कार्यक्रम की उपयोगिता एवं विभिन्न चरणों की विस्तृत जानकारी दी। तकनीकी व मार्गदर्शन सत्रों के दौरान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ विभाग के उप चिकित्सा अधिकारी द्वारा सेवानिवृत्ति के बाद बेहतर स्वास्थ्य और जीवनशैली से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए गए। इसके पश्चात नगर-सेवा विभाग के सहायक प्रबंधक ने नगर-सेवा व आवास संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की, जबकि वित्त एवं लेखा विभाग के प्रबंधक ने सेवानिवृत्ति के उपरांत मिलने वाले विभिन्न फंड्स व वित्तीय लाभों से अवगत कराया।

वित्तीय जागरूकता एवं निवेश के विकल्पों पर प्रकाश डालते हुए बैंक ऑफ इंडिया (सेक्टर-4 शाखा) के प्रतिनिधि ने वरिष्ठ नागरिकों हेतु उपलब्ध योजनाओं तथा वित्तीय प्रबंधन की जानकारी दी। आदित्य बिड़ला लाइफ इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड की शाखा प्रबंधक प्रभारी द्वारा नेशनल पेंशन सिस्टम  से निकासी की प्रक्रियाओं को स्पष्ट किया गया।वहीं मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ के प्रतिनिधियों ने अंतिम निपटारा  से जुड़ी आवश्यक कागजी औपचारिकताओं एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।समारोह का समापन प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक प्रबंधक (मानव संसाधन-अंतिम निपटारा प्रकोष्ठ) के नेतृत्व में किया गया।

यह आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र की अपने समर्पित कर्मियों के सुदीर्घ योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा उनके भावी जीवन को सुखद, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।सेवानिवृत्ति से पूर्व स्वास्थ्य, वित्तीय सुरक्षा एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर दिया गया यह मार्गदर्शन कर्मचारियों को जीवन के इस नए अध्याय में आत्मविश्वास और स्वावलंबन के साथ प्रवेश करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More