बीएसएल में साइबर सुरक्षा और साइबर स्वच्छता पर जागरूकता सत्र, 45 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग की ओर से आगामी सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 और तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान के तहत साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता विषय पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से हुए कार्यक्रम में एमएम विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सतर्कता विभाग के अधिकारियों तथा एमजंक्शन के प्रतिनिधियों समेत 45 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

बोकारो: बोकारो स्टील प्लांट के सतर्कता विभाग द्वारा आगामी ‘सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026’ तथा वर्तमान में संचालित ‘तीन माह के निवारक सतर्कता अभियान’ के अंतर्गत सीएंडआईटी विभाग के सहयोग से ‘साइबर सुरक्षा एवं साइबर स्वच्छता’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य संयंत्र के अधिकारियों एवं कर्मियों को उभरते साइबर जोखिमों के प्रति जागरूक एवं सतर्क करना, सुरक्षित डिजिटल कार्यशैली को बढ़ावा देना तथा संगठन में निवारक सतर्कता की संस्कृति को और सुदृढ़ करना था।कार्यक्रम में सामग्री प्रबंधन (एमएम) विभाग के मुख्य महाप्रबंधक सहित एमएम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी, सतर्कता विभाग के अधिकारी तथा एमजंक्शन के प्रतिनिधियों सहित कुल 45 प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस अवसर पर मुख्य महाप्रबंधक (सामग्री प्रबंधन) द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण सत्र में सीएंडआईटी विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बोकारो स्टील प्लांट में उपलब्ध एवं कार्यरत साइबर सुरक्षा अवसंरचना तथा डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। वक्ताओं ने दैनिक कार्यालयीन कार्यों के दौरान साइबर खतरों से बचाव, संवेदनशील एवं गोपनीय डेटा की सुरक्षा, सुरक्षित पासवर्ड प्रबंधन, संदिग्ध ई-मेल एवं लिंक से सावधानी बरतने तथा अन्य महत्वपूर्ण साइबर सुरक्षा उपायों के संबंध में प्रतिभागियों को व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

सत्र के दौरान डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग पर विशेष जोर देते हुए ‘साइबर स्वच्छता’ को दैनिक कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया। प्रतिभागियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित सामान्य जोखिमों की पहचान करने तथा संभावित साइबर खतरों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

बोकारो स्टील प्लांट का सतर्कता विभाग विभिन्न जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मियों में सतर्कता, सत्यनिष्ठा एवं जिम्मेदार कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ सुरक्षित डिजिटल कार्यशैली को प्रोत्साहित कर रहा है। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से संयंत्र में निवारक सतर्कता एवं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता को निरंतर मजबूत किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Anshika Ambasta

Anshika Ambasta covers local stories, trending topics, and news from the Jharkhand and Bihar desk at Samridh Jharkhand. With a focus on timely updates and impactful storytelling, she brings readers accurate and engaging news coverage. Passionate about journalism, she is…

Read More