अमेरिका-सऊदी के संयुक्त हमले में 20 इराकी लड़ाके ढेर, ईरान समर्थित पीएमएफ को बनाया निशाना

इराक में अमेरिका और सऊदी अरब की संयुक्त सैन्य कार्रवाई के दौरान ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF) के ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हमले किए गए। पीएमएफ के अनुसार, इन हमलों में कम से कम 20 लड़ाकों की मौत हुई है और 32 अन्य घायल हुए हैं।

बगदाद: अमेरिका और सऊदी अरब की सेना ने इराक में ईरान समर्थित पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF) के ठिकानों पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई की। इस हमले में पीएमएफ के कम से कम 20 लड़ाके मारे गए, जबकि 32 अन्य घायल हुए हैं। पीएमएफ ने कहा है कि यह शुरुआती आंकड़ा है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

सात प्रांतों में एक साथ हुए हमले

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, पीएमएफ ने स्वीकार किया कि हमले बगदाद, वासित, निनवेह, बसरा, किरकुक, कर्बला और दियाला प्रांतों में उसके ठिकानों पर किए गए। हमलों में कई इमारतें, सैन्य वाहन और अन्य उपकरण क्षतिग्रस्त हुए हैं। शुरुआती रिपोर्टों में निनवेह और बसरा में कई स्थानों पर आग लगने की भी जानकारी सामने आई थी।

ड्रोन हमलों के जवाब में कार्रवाई का दावा

अमेरिका का कहना है कि यह संयुक्त सैन्य अभियान पिछले 30 दिनों में सऊदी अरब की तेल सुविधाओं पर हुए ड्रोन हमलों के जवाब में किया गया। अमेरिकी अधिकारियों ने यह भी दावा किया कि कार्रवाई से पहले ईरान ने जॉर्डन स्थित उसके एक सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी थीं।

क्या है पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (PMF)?

पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज इराक का आधिकारिक सरकारी सुरक्षा बल है, जिसकी स्थापना 15 जून 2014 को ईरान समर्थित शिया मिलिशिया समूहों को मिलाकर की गई थी। हालांकि यह औपचारिक रूप से इराकी सरकार के साथ समन्वय में काम करता है, लेकिन इसे व्यापक रूप से ईरान समर्थक संगठन माना जाता है।

हूती ने हमले की निंदा, जीसीसी ने सऊदी का किया समर्थन

यमन के ईरान समर्थित हूती समूह ने इस हमले को इराक की संप्रभुता पर हमला बताते हुए इसकी निंदा की है। दूसरी ओर, खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) ने सऊदी अरब के समर्थन में बयान जारी करते हुए ईरान समर्थित समूहों द्वारा सऊदी पर किए गए हमलों की आलोचना की। जीसीसी महासचिव जसीम मोहम्मद अल-बुदैवी ने कहा कि सदस्य देश सऊदी अरब के साथ मजबूती से खड़े हैं।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More