साहिबगंज में मेडिकल कॉलेज और कार्गो हवाई अड्डा को मिली स्वीकृति

साहिबगंज : झारखंड सरकार के बजट में साहिबगंज सदर अस्पताल को द्वितीय चरण में मेडिकल कॉलेज के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी गई है। वहीं, जिले में कार्गो हवाई अड्डा निर्माण का भी प्रस्ताव शामिल किया गया है। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य, रोजगार और व्यापार के नए अवसर खुलने की उम्मीद जगी है। उक्त बातें झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव सह प्रवक्ता पंकज मिश्रा कहीं।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद चुनाव के दौरान उन्होंने शहरवासियों से साहिबगंज को विकसित और सुंदर शहर बनाने का वादा किया था, जिसे पूरा करने की दिशा में लगातार प्रयास किया जा रहा है। आगे उन्होंने कहा कि मैंने शहर में घूम-घूमकर जो संकल्प लिया था, उसे जमीन पर उतारने का काम शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार ने बजट में साहिबगंज मेडिकल कॉलेज और कार्गो हवाई अड्डा निर्माण की स्वीकृति देकर विकास का रास्ता खोल दिया है।
पंकज मिश्रा ने मुख्यमंत्री सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आने वाले समय में शहर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास होगा। मेडिकल कॉलेज और हवाई अड्डा बनने से साहिबगंज स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यापार के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा और जिले के समग्र विकास को नई गति देगा।


